कानपुर: अपनी किडनी बेची और पेट का सर्जिकल कट दिखाकर गरीबों को ठगा, खड़ा किया लाखों का कारोबार
Kanpur news, कानपुर। यूपी के कानपुर में पुलिस ने जिस किडनी रैकेट का पर्दाफाश किया है, उस अवैध कारोबार को शुरू करने की कहानी आपको हैरान कर सकती है। जी हां, गिरफ्तार हुए युवक राजकुमार ने पुलिस को बताया कि कई साल पहले उसने अपनी किडनी बेची थी, यहीं से उसे यह कारोबार करने का आईडिया मिला।

अपने पेट का सर्जिकल कट दिखाकर देता था झांसा
आरोपी राजकुमार अपने खुद के पेट का सर्जिकल कट दिखाकर लोगों का ब्रेनवाॅश करता था। वो अपने शिकार को आसानी से समझा देता था कि किडनी देने के बाद कोई तकलीफ नहीं होती है और बिक्री के पैसों से जिंदगी ऐश से गुजरती है।

सबूत जुटाने के लिए दिल्ली पुलिस से किया संपर्क
बता दें, कानपुर पुलिस ने मानव अंगों का अवैध कारोबार करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 6 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क का हिस्सा बने राजधानी दिल्ली के दो बड़े अस्पतालों के खिलाफ सबूत जुटाने के लिए दिल्ली पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है। मानव अंगों के ये कारोबारी गरीबों को अपने जाल में फंसाकर दिल्ली ले जाते थे और उनकी किडनी व लीवर निकालकर 30 से 80 लाख में बेच देते थे।

महिला को हुआ शक, दर्ज करवाई रिपोर्ट
किडनी रैकेट का खुलासा कानपुर की रहने वाली संगीता नाम की महिला की वजह से हो पाया। दरअसल, संगीता और उनके पति को झांसा देकर दिल्ली ले जाया गया था, जंहा एक निजी नर्सिंग होम में उनके कई टेस्ट कराए गए, लेकिन जब संगीता को शक हुआ तो वह अपने पति के साथ कानपुर वापस लौट आईं और थाने में शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद किडनी रैकेट चलाने वाले 6 लोग पुलिस की गिरफ्त में आ गए।












Click it and Unblock the Notifications