SP MLA इरफान सोलंकी ने भाई के साथ कानपुर में किया सरेंडर, झोपड़ी में आग लगाने के आरोप में थे फरार
एक विवादित प्लॉट पर बनी झोपड़ी में आग लगाने के आरोप में सपा विधायक इरफान सोलंकी फरार चल रहे थे।
समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी ने शुक्रवार को कानपुर में सरेंडर कर दिया है। उन्होंने साथी सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और रूमी हसन के साथ जाकर कमिश्नर बीपी जोगदंड के आवास पर सरेंडर किया है। इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी नसीमा और बच्चे भी मौजूद रहे। बता दें, एक विवादित प्लॉट पर बनी झोपड़ी में आग लगाने के आरोप में सपा विधायक इरफान सोलंकी फरार चल रहे थे।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला ?
समाजवादी पार्टी विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ कानपुर के जाजमऊ थाने में 8 नवंबर को एक महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था। महिला ने आरोप लगाया कि विधायक, उनके भाई व अन्य उसके प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से 7 नवंबर को प्लाट में बनी झोपड़ी में आग लगा दी गई और उन लोगों के साथ मारपीट व जान से मार देने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद विधायक और उनके भाई के घर 8 नवंबर की रात दबिश दी, जहां से दोनों फरार मिले।
सपा विधायक पर पुलिस ने धारा 212, धारा 419, धारा 420, धारा 467, धारा 468, धारा 471, धारा 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीट से सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी इसके बाद से फरार चल रहे थे। शुक्रवार को दोनों ने कानपुर कमिश्नर कैंप कार्यालय के सामने सरेंडर कर दिया है। इस दौरान विधायक हसन रूमी और अमिताभ बाजपेई भी उनके साथ मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications