PM Modi Kanpur visit: शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिलने जा सकते हैं पीएम, परिवार को है बड़ी उम्मीद
PM Modi Kanpur visit: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिवार की आंखें अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर टिकी हैं। कानपुर निवासी इस बहादुर जवान के परिजन चाहते हैं कि उनके बेटे को "शहीद" का दर्जा दिया जाए।
इसी बीच यह जानकारी सामने आ रही है कि अपने कानपुर दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुभम के परिवार से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री 29 मई को पश्चिम बंगाल, 30 मई को बिहार के रोहतास और फिर यूपी के कानपुर में जनसभाएं करने वाले हैं।

कानपुर में पीएम मोदी के आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके शुभम द्विवेदी के परिवार से मिलने की संभावना जताई जा रही है। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं बल्कि परिवार को संबल देने और पूरे देश को संदेश देने वाली हो सकती है।
शुभम के पिता संजय द्विवेदी की मांग है कि बेटे को न केवल 'शहीद' का सम्मान मिले, बल्कि उनके बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचाना जाए। उनका कहना है कि "मेरे बेटे ने आतंकियों से लोहा लिया, अब सरकार का कर्तव्य है कि उसे शहीद माने।"
सभी को मिले शहीद का दर्जा
सिर्फ संजय द्विवेदी ही नहीं, शुभम की पत्नी एशान्या द्विवेदी भी इस मांग को लेकर लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं है, यह देश की लड़ाई है।" उनकी अपील है कि पहलगाम हमले में मारे गए सभी जवानों को शहीद का दर्जा दिया जाए।
परिजनों की मांग महज़ किसी एक परिवार की नहीं है। शुभम की पत्नी कहती हैं इस हमले में जिन 26 लोगों की जान गई है, वे गुमनामी में न जाएं और सरकार को उनके परिवार की चिंता करते हुए, उन्हें अमर शहीद का दर्जा देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हमें दो ही चीजें चाहिए एक, आतंकवाद का अंत और दूसरा, आतंकी हमले में जान गंवाने वाले लोगों का उचित सम्मान।
परिजनों से पहले ही मिल चुके हैं सीएम योगी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही शुभम के परिजनों से मिल चुके हैं। बीते 24 अप्रैल को उनकी मुलाकात कानपुर में हुई थी, जहां उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद और समर्थन का भरोसा दिलाया था। अब सबकी निगाहें प्रधानमंत्री मोदी पर हैं।












Click it and Unblock the Notifications