तोबा से तान्या गौतम बनी युवती ने हिंदू युवक संग लिए सात फेरे, वीडियो जारी कर कही यह बात
Kanpur News In Hindi, कानपुर। बरेली (Bareilly) के बाद उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर (Kanpur) में भी एक मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक के साथ सात फेरे लिए। तोबा अंसारी से तान्या गौतम बनी युवती ने हिंदू रीति रिवाज के अनुसार फेरे लिए और शादी कर ली। तो वहीं, तोबा उर्फ तान्या के परिवार को यह शादी इतनी नागवार गुजरी कि वो अब दंपती को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। धमकी मिलने के बाद युवती ने एक वीडियो जारी किया है और पुलिस से मदद की अपील की है। युवती ने कहा कि 'मैं बालिग हूं, और अपनी मर्जी से शादी की है क्योकि मुझे हिंदू धर्म पर विश्वास हैं।'

मामला कानपुर जिले के रेल बाजार थाना क्षेत्र स्थित सुजातगंज का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तोबा अंसारी और दीपक गौतम के बीच पिछले चार साल प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे, लेकिन शादी के बीच धार्मिक दीवारें सामने आ रही थी। इतना ही नहीं, जब युवती के परिवार को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो उन्होंने उसका घर से बाहर निकलना भी बंद कर लिया। साथ ही वो तोबा को प्रताड़ित भी करने लगे।
तोबा उर्फ तान्या ने पिता और भाई से बताया खतरा
खबरों के मुताबिक, 14 नवंबर, 2020 को तोबा अंसारी ने अपना घर छोड़ दिया और दीपक के पास आ गईं। दीपक के पास आने के बाद तोबा ने धर्म परिवर्तन कर अपना नाम तान्या गौतम रख लिया। धर्म परिवर्तन करने के साथ ही दोनों ने 25 नवंबर को शादी कर ली। वहीं, अब तोबा उर्फ तान्या का आरोप है, 'पिता और भाई मुझे और मेरे पति को जान से मारने के लिए ढूंढ रहे है। पुलिस हमारी फरियाद नहीं सुन रही है। मैंने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है।'
पिता ने लिखाया फर्जी मुकदमा
तान्या ने कहा, 'मेरे पिता ने फर्जी मुकदमा लिखवाया है, जिसमें कहा गया है कि साढ़े तीन लाख रुपए और 50 हजार के जेवर लेकर गई है।' वहीं लड़के का कहना है, 'मुझे और मेरी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।' वायरल वीडियो में तोबा उर्फ तान्या ने आधार कार्ड, हाईस्कूल की मार्कशीट दिखाते हुए बताया, 'मैं बालिग हूं। मुझे और मेरे पति को परेशान ना किया जाए।'
क्या कहा सीओ कैंट निखिल पाठक ने...
सीओ कैंट निखिल पाठक के मुताबिक थाना रेल बाजार में एक पिता ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आईपीसी की धारा 366 और 406 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी क्रम में लड़की का एक कागजात मिला है। इसमें यह कहा गया है कि वह अपनी मर्जी से गई है, और एक लड़के से शादी की है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है। इसमें उसने कहा है कि अपनी मर्जी से गई है और शादी की बात कही है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications