विकास दुबे के नाम से कानपुर आईजी को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, पुलिस ने किया चौंकाने वाला खुलासा
कानपुर, 09 जुलाई: एनकाउंटर में मारे जा चुके गैंगस्टर विकास दुबे के नाम से कानपुर जोन के आईजी को धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक की गिरफ्तारी के साथ ही औरेया पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। उसके पास से 4 अवैध तमंचा, दो दर्जन जिंदा कारतूस, बड़ी मात्रा में खोखे, फर्जी शस्त्र लाइसेंस, 10 पासबुक, 6 बैंक चेकबुक, दो एटीएम कार्ड और दो टच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि युवक ने एक युवती से रेप किया था और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर युवती का लगातार शोषण करता था। पीड़िता के चचेरे भाई ने इसका विरोध किया तो उसे फंसाने के लिए युवक ने फेसबुक पर असलहे के साथ उसकी फोटो लेकर विकास दुबे के नाम से आपत्तिजनक पोस्ट वायरल कर दी।

एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि एसओजी टीम और साइबर सेल की मदद से अछल्दा पुलिस ने मुख्य आरोपित सचिन वर्मा पुत्र सत्यपाल वर्मा निवासी मठिया चौराहा इटावा रोड थाना बेवर मैनपुरी हाल मुकाम मालवीय नगर कस्बा सिकंदरा कानपुर देहात को गिरफ्तार कर लिया। सचिन शातिर किस्म का अपराधी है, जो फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को डराता धमकाता और प्रताड़ित करता था। एसपी ने बताया कि सचिन वह असलहे दिखाकर डराता धमकाता था और लड़कियों को प्रभाव में लेकर उनका शोषण करता था।
एसपी के मुताबिक, सचिन के खिलाफ विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें रेप, अवैध असलहे रखने, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट और धमकी दिए जाने से जुड़े मामले प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि बिकरू कांड के मुख्य आरोपित विकास दुबे की फर्जी आईडी बनाकर जिन लोगों के शस्त्रों के साथ अछल्दा के युवक राहुल सोनी की फोटो वायरल हुई है, उसके खिलाफ भी अछल्दा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। संबंधित शस्त्र धारक राजेंद्र सिंह सेंगर निवासी बौंडेपुर अछल्दा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बंटू निवासी पुसौली थाना बिधूना और उदयवीर सिंह निवासी नहर बाजार अछल्दा के खिलाफ आयुध अधिनियम में मामले दर्ज किए गए हैं। इनके असलहे पुलिस ने जब्त करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications