आर्म्स फैक्ट्री का मैनेजर गिरफ्तार, भारत की खुफिया जानकारी भेज रहा था पाकिस्तान, लूडो के जरिए दिया अंजाम
Kanpur News: यूपी एटीएस ने कानपुर से पाकिस्तानी जासूस को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्स यहां ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में जूनियर मैनेजर के पद पर काम कर रहा था। गिरफ्तार शख्स की पहचान कुमार विकास के रूप में हुई है। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम काम रहा था।
गिरफ्तार शख्स कुमार विकास पर आईएसआई को गोपनीय जानकारी लीक करने का आरोप है। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए आरोपी से एटीएस की टीम पूछताछ कर रही है। पीटीआई के मुताबिक, कानपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में जूनियर मैनेजर कुमार विकास ने सोशल मीडिया ऐप 'लूडो' के ज़रिए यह जानकारी लीक की थी।

जांच से पता चला कि कुमार विकास एक संदिग्ध पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था, जिसने उससे संपर्क करने के लिए 'नेहा शर्मा' नाम का इस्तेमाल किया था। एटीएस ने बताया कि कुमार विकास सोशल मीडिया फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तानी एजेंट के सम्पर्क में आया था।
इतना ही नहीं, जांच में यह भी पता चला है कि व्हाट्सएप के जरिए कुमार विकास ऑर्डिनेंस फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेज, कर्मचारी उपस्थिति पत्रक, मशीन लेआउट और उत्पादन चार्ट से संबंधित गोपनीय दस्तावेज और संवेदनीश डेटा भेज रहा था। खबर के मुताबिक, पाकिस्तानी एजेंट ने खुद को भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) की कर्मचारी बताया था।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि शुरुआत में फेसबुक के जरिए कुमार विकास से संपर्क किया था। बाद में उन्होंने मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया और व्हाट्सएप पर उनका संवाद जारी रहा। पकड़े जाने के डर की वजह से उन्होंने गुप्त बातचीत के लिए लूडो गेमिंग ऐप का इस्तेमाल किया।
आरोपी कुमार विकास ने एटीएस की पूछताछ में बताया कि उसे कथित तौर पर गोपनीय जानकारी देने के लिए वित्तीय प्रलोभन दिया गया था। अब एटीएस ने कुमार विकास को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications