कन्नौज: रिश्तेदार के लिए मंगाई देसी शराब बनी काल, बाप-बेटे और चाचा की मौत
कन्नौज, 21 मार्च: उत्तर प्रदेश में देसी शराब का कहर देखने को मिला है। कन्नौज के छिबरामऊ में ठेके से खरीदी देसी शराब पीने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बाप-बेटा और चाचा है। वहीं एक अन्य युवक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार होली पर परिवार में एक रिश्तेदार आया था, जिसके लिए ठेके से देसी शराब मंगाई गई थी। शराब के पीने के बाद कुछ ही देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।

घटना छिबरामऊ के कसावा चौकी इलाके के कठाहार गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव के जसकरन के घर मैनपुरी से उसका रिश्तेदार पुष्पेंद्र आया था, जिसके लिए देसी शराब मंगाई थी। इसके बाद देर शाम जसकरन और उसके बेटे अमित, चाचा राकेश और रिश्तेदार पुष्पेंद्र ने शराब पी। शराब पीने के कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
चारों लोगों की स्थिति देख परिवार के अन्य लोगों के हाथ-पांव फूल गए और उनको तुरंत अस्पताल ले गए, जहां रास्ते में अमित और राकेश ने दम तोड़ दिया। वहीं जसकरन और रिश्तेदार पुष्पेंद्र को गंभीर हालत में मिनी पीजीआई सैफई लेकर जाया गया, जहां जसकरन की भी इलाज के दौरान सांसें उखड़ गई।
वहीं घटना की सूचना के बाद एएसपी विनोद कुमार, सीओ सहित कोतवाल मौका स्थल पहुंचे, जहां परिजनों से मामले की पूरी जानकारी ली। इधर, मृतक अमित की पत्नी ने गांव के दो लोगों पर शराब में मिलावट करने का आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications