कन्नौज: मेडिकल कॉलेज में भर्ती पिता और बहन की देखरेख कर रही किशोरी से वॉर्डबॉय ने किया रेप
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में कन्नौज के मेडिकल कॉलेज में एक किशोरी से वॉर्ड बॉय ने दुष्कर्म किया। वह किशेारी मेडिकल कालेज में भर्ती पिता और छोटी बहन की तीमारदारी में लगी थी। वहीं, वॉर्ड बॉय ने उसे देखा। वह उसे चौथी मंजिल पर ले गया। वहां नशीले पदार्थ से बेहोश कर सुंघाया दुष्कर्म किया। किशोरी से दुष्कर्म किए जाने की घटना से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को परिजनों के साथ थाने में रिपोर्ट लिखाने ले गयी। जिसके बाद पीड़िता को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया गया।

नाबालिग लड़की को चौथी मंजिल पर ले जाकर रेप किया
पुलिस का कहना है कि बलात्कार के आरोपी वार्डबॉय को दबोच लिया गया है। कन्नौज के अपर पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के पिता ने तिर्वा कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। शिकायत में वार्डबॉय पर दुष्कर्म के आरोप लगाए गए। आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। किशोरी अभी नाबालिग है।

अस्पताल में पिता और छोटी बहन की देखरेख कर रही थी
यह घटना कन्नौज के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की है। एक मजदूर को कुछ दिन पहले लकवा की शिकायत के चलते मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। इलाज हुआ तो हालत भी सुधरने लगी। इसी बीच उसकी 10 वर्षीय बेटी को बुखार आ गया। डॉक्टरों ने उसे भी भर्ती कर लिया। पिता और बेटी का जनरल वार्ड में इलाज चल रहा था। किशोरी और उसकी मां देखभाल के लिए मेडिकल कालेज में ही ठहरी थीं। किशोरी 16 साल की है।

परिजनों ने रंगे हाथों पकड़ा, धक्का देकर भागा
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे मेडिकल कालेज का वार्डबॉय किशोरी को बहला-फुसलाकर मेडिकल कालेज की चौथी मंजिल पर ले गया। यहां उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। करीब एक घंटे से लापता होने पर बीमार बाप और मां बेटी की तलाश करने लगे। तलाश करते हुए दोनों लोग चौथी मंजिल पर पहुंचे। यहां वार्डबॉय को परिजनों ने उसकी बेटी के साथ गलत हरकत करते हुए पकड़ा। परिजनों को देखते ही वार्डबॉय दोनों को धक्का देकर मौके से भाग गया।

'बेहोश कर गलत काम किया'
इस घटना के बाद किशोरी को बेहोशी की हालत में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी टीपी वर्मा अस्पताल पहुंचे। वहीं, होश में आने पर पीड़िता ने परिजनों को बताया कि वार्डबाय करीब दो दिन से बातचीत कर रहा था। इससे वह उसकी बातों में आकर छत पर उसके साथ गई थी। उसने बेहोश कर गलत काम किया।'