कन्नौज में हादसा: टैंकर और डबल डेकर बस में टक्कर, दोनों वाहन पलटे, 8 यात्रियों की मौत, 19 घायल
कन्नौज में हादसा: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर में शुक्रवार को दोपहर में एक भीषण हादसा हो गया। कन्नौज में तेज रफ्तार की डबल डेकर बस ने एक्सप्रेसवे पर पौधों में पानी दे रहे टैंकर में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों वाहन पलट गए।
Recommended Video
इस हादसे में 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अस्पताल पहुंचने पर दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। इसके अलावा कई यात्री बस में दब गए थे। घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसपी अमित कुमार ने बताया कि 8 यात्रियों की मौत हुई है और 19 घायल हैं।

उन्होंने बताया कि एक्सप्रेसवे पर एक टैंकर से पौधों को पानी दिया जा रहा था। टैंकर खड़ा था, इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बस और टैंकर दोनों वाहन पलट गए। जिससे बस में सवार यात्री दब गए।
हादसे के बाद बस में दबे हुए यात्री चीखने-चिल्लाने लगे। दुर्घटना के बाद आस-पास के लोग और राहगीर वहां पहुंचे। उसके बाद लोग बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के साथ ही फोन करके पुलिस को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसा देख मंत्री ने रोका काफिला
हादसे के थोड़ी ही देर बाद ही जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला वहां से गुजर रहा था। इस दौरान जल शक्ति मंत्री ने भी वहां रुककर हादसे में घायल यात्रियों से जानकारी ली और पुलिसकर्मियों को घायलों को अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि घटनास्थल पर अधिकारियों को बुलाया गया है। हादसे की जांच करवाई जाएगी।
लखनऊ से दिल्ली जा रही थी बस
करीब 100 यात्रियों को लेकर बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। बस में सवार यात्री अब्दुल अजीज ने बताया कि स्लीपर बस से वह लखनऊ से चले थे। अचानक हादसा हो गया, बस कैसे लड़ी इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं। अजीज ने यह भी बताया कि उनका पैर फैक्चर हो गया।
हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बस पलट गई है और बस के पास ही हादसे में मरने वाले लोगों के शव पड़े हैं। इसके अलावा एंबुलेंस की आवाज सुनाई दे रही है।
घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
हादसे के बारे में जानकारी देते हुए एसपी अमित कुमार आनंद ने यह भी बताया कि वाटर टैंक खड़ा था और उसी वाटर टैंक में बस ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है। उनके परिवार वालों को सूचना दी जा रही है। क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटाया जा रहा है और यात्रियों को गंतब्य तक भेजने के लिए दूसरी बस बुलाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications