जोधपुर : कोरोना संकट में व्यापारियों ने बदला धंधा, कपड़ों की बजाय बनाने लगे मास्क
जोधपुर। दुनियाभर में कोरोना वायरस का खौफ है। भारत में भी कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा एक लाख का पार कर गया है। कोरोना संक्रमण कम करने के लिए ही 18 मई से लॉकडाउन - 4 लागू करना पड़ा है। लॉकडाउन के चलते उद्योग धंधे व कारखाने बंद पड़े हैं। मजदूरों के सामने जहां रोजी-रोटी का संकट मंडराने लगा है। वहीं, व्यापारियों को भी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लॉकडाउन की नई गाइडलाइन के तहत मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में जोधपुर में कपड़े बनाने वाले एक व्यापारी ने अपना धंधा ही बदल दिया है। लॉकडाउन में उसके यहां मजदूरों को काम मिल सके और उनका व्यापार भी चलता रहे। इसलिए व्यापारी ने अब कपड़ों की बजाय मास्क बनाने शुरू कर दिए हैं। 20 से 30 प्रतिशत मजदूरों के साथ फैक्ट्री में काम शुरू कर दिया है। अब तक 50 हजार मास्क बनाए जा चुके हैं। मास्क बाजार में सस्ते दामों में उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
BSF के 42 जवानों ने जीती कोरोना से जंग, पूरी तरह ठीक होने के बाद जमकर किया डांस, देखें VIDEO
फैक्ट्री मालिक हिम्मत सिंह ने बताया कि इस आपातकाल में नए अवसर को ढूंढना मजदूरों के लिए संजीवनी का काम कर रहा है। मजदूरों को रोजगार भी मिल गया और उन्हें रोजी रोटी के संकट को लेकर पलायन करके जाना भी नहीं पड़ेगा। ऐसे में कपड़ों की बजाय मास्क बनाना शुरू किया है।