जोधपुर डांसर युवराज के वीडियो को अमिताभ बच्चन ने किया रीट्वीट, रेमो डीसूजा देंगे फिल्म में मौका
सोशल मीडिया स्टार बना जोधपुर का डांसर युवराज, टिकटॉक वीडियो को अमिताभ बच्चन ने किया रीट्वीट
जोधपुर। सोशल मीडिया प्लेटफार्म कब किसकी किस्मत बदल जाए। कुछ कहा नहीं जा सकता। ऐसा ही कुछ राजस्थान के जोधपुर के डांसर युवराज के साथ हुआ है। युवराज रातों रात सोशल मीडिया स्टार बन गया है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाला युवराज जोधपुर के पावटा का रहने वाला है। पिता मजदूरी करते हैं। युवराज बेहतरीन डांसर है। इसके डांस के अमिताभ बच्चन भी मुरीद हुए हैं। यही नहीं बल्कि अमिताभ बच्चन ने युवराज के वीडियो को ट्विटर पर वाव लिखकर रिट्वीट किया है। इसके अलावा प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेमो रेमो डीसूजा ने आश्वासन दिया है कि वे जोधपुर के 17 वर्षीय युवराज को उसे अपनी अगली फिल्म में अवसर देंगे।

माइकल जैक्सन, टाइगर श्राफ और प्रभु देवा की डांसिंग के फैन
बता दें कि युवराज की ख्वाहिश एक बॉक्सर बनने की थी, लेकिन परिवार के हालात देखकर उन्होंने इरादा बदल लिया। माइकल जैक्सन, टाइगर श्राफ और प्रभु देवा की डांसिंग के फैन रहे युवराज ने उन्हीं की तर्ज पर डांस सीखना शुरू कर दिया। युवराज ने मकान की छत और कमरे में घंटों अभ्यास कर प्रतिभा को निखारा। इसमें उनका साथ दिया बहन हर्षिता ने। भाई के साथ हर्षिता भी डांस सीख गई। बगैर किसी गुरू के महज 6 माह तक लगातार अभ्यास के बाद युवराज ने माइकल जैक्सन के अंदाज में डांस करने में महारत हासिल कर ली।

टिकटोक पर बाबा जेक्सन 2020 नाम से अकांउट
युवराज अपने डांस वीडियो टिकटोक पर बाबा जेक्सन 2020 नाम के अकांउट पर अपलोड करता है। युवराज ने दो दिन पहले अपने कुछ वीडियो को मिक्स कर टाइगर श्राफ और प्रभु देवा को ट्वीट कर भी दिए। उनकी तरफ से तो कोई जवाब नहीं आया, लेकिन अमिताभ बच्चन की नजर गई तो उन्होंने इसे रिट्वीट कर दिया।

रेमो भी युवराज का डांस देखकर दंग रह गए
इसके बाद वे लोगों की निगाह में आ गए। लोगों ने जमकर उनके डांस की तारीफ की। इसके बाद निर्माता निर्देशक अनुभव सिन्हा ने रेमो को ट्वीट कर लिखा- देखा क्या? रेमो भी युवराज का डांस देखकर दंग रह गए और उन्होंने आश्वासन दे दिया कि भैया, अगली फिल्म। इसके अलावा कुछ और लोगों ने युवराज से संपर्क साधा और उसे मुंबई आने का न्यौता दिया है। मीडिया से बातचीत में युवराज का कहना है कि अमिताभ बच्चन से मिली तारीफ के बारे में उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा था। उनकी तारीफ मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।












Click it and Unblock the Notifications