पति-पत्नी के झगड़े में पत्नी ने निकाला गैस का पाइप, तभी सिलेंडर में हो गया ब्लास्ट
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर के देव नगर थाना क्षेत्र स्थित पांचवी पुलिया के पास बुधवार सुबह एक हादसा हो गया। एक घर में गैस सिलेण्डर फटने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। घायल को सरकारी अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती करवाया गया है।
बुधवार सुबह हुआ झगड़ा
जानकारी के अनुसार मकान में रह रहे पति और पत्नी के बीच पिछले काफी लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ और पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। इस दौरान पत्नी ने गैस का पाइप निकाल दिया और घर के बाहर आ गई। उसी दौरान सिलेंडर में आग लग गई। आग लगने से गैस सिलेण्डर फट गया। सिलेण्डर फटने से धमाका हुआ और आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
कांस्टेबल ने निकाला जलता सिलेंडर
सूचना मिलते ही देव नगर थाना पुलिस के सिगमा गाड़ी मौके पर पहुंची और सिगमा गाड़ी के कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल बद्री राम ने घर में घुसकर आग से झुलस रहे युवक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल भेजा। बाद में मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। वहीं, हादसे में संजय पवार नामक युवक झुलस गया है। उसे महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती करवाया गया है। वहीं, पति द्वारा मारपीट में महिला भी घायल हुई है। उसे भी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
एसीपी ने भी लिया जायजा
हादसे की सूचना के बाद देव नगर थाना अधिकारी सोमकरण और एसीपी प्रतापनगर नीरज शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि पति और पत्नी के बीच पिछले काफी लंबे समय से विवाद चल रहा है।
Dev chaudhary IAS : कहानी बॉर्डर इलाके के लड़के की जो 3 बार फेल होने के बाद बना आईएएस