भाई,भाभी,साला-साली से ममेरे भाई तक सब बने अफसर, कौन है अभय तिवारी? जो बना झारखंड छात्र आंदोलन का विलेन
झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद अब एक ऐसे नाम के इर्द-गिर्द घूम रहा है, जो छात्रों के आंदोलन का चेहरा बन चुका है। नाम है अभय कुमार तिवारी। सोमवार (10 अगस्त) को विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे छात्रों के हाथों में अभय तिवारी के पोस्टर दिखाई दिए। पोस्टर में उनके रिश्तेदारों के JSSC CGL BSO परीक्षा में चयन और रैंक का दावा किया गया है। छात्रों का सवाल सीधा है। अगर एक ही परिवार और रिश्तेदारी से इतने लोगों का अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हुआ, तो क्या इसकी गहराई से जांच नहीं होनी चाहिए?
रांची की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं का गुस्सा अभय तिवारी पर फूट रहा है। छात्र उसे पूरे सिंडिकेट का सबसे बड़ा विलेन बता रहे हैं। जांच एजेंसियों की कार्रवाई और CID की रिपोर्ट में अब जो सच निकलकर सामने आया है, उसने पूरे सिस्टम की धज्जियां उड़ा दी हैं। अभय तिवारी को फिलहाल जांच एजेंसी CID गिरफ्तार कर चुकी है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने भी कहा है कि, 'अभय तिवारी ने खुद माना है कि उन्होंने करीब 400 उम्मीदवारों का चयन करवाया है।' ऐसे में आइए जानते हैं कि कौन है अभय तिवारी।

कौन है अभय तिवारी, जिसके एक दर्जन रिश्तेदार झारखंड में अफसर!
अभय कुमार तिवारी झारखंड सरकार में ब्लॉक सप्लाई ऑफिसर यानी BSO के पद पर तैनात रहे हैं। अभय कुमार तिवारी गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट ब्लॉक में BSO के पद पर तैनात था। अभय कुमार तिवारी गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट ब्लॉक में प्रखंड आपूर्ति अधिकारी (BSO) के पद पर तैनात था। उनका नाम JPSC और JSSC से जुड़ी कथित परीक्षा गड़बड़ी की जांच में सामने आया है।
CID की पड़ताल में खुलासा हुआ कि सरकारी सेवा में आने से पहले वह TRS - Data Processing Private Limited (TDPL) नाम की एक प्राइवेट एजेंसी में मार्केटिंग मैनेजर का काम करता था। गौर करने वाली बात यह है कि यह TDPL कंपनी उत्तर प्रदेश समेत 7 से ज्यादा राज्यों में पहले से ही ब्लैकलिस्टेड और प्रतिबंधित है। अभय तिवारी इसी कंपनी में 'नयन तिवारी' नाम से काम संभालता था और परीक्षा कराने के टेंडर में हेरफेर करता था। सरकारी विभाग में वह अभय तिवारी और प्राइवेट एजेंसी में नयन तिवारी बनकर समानांतर नेटवर्क चला रहा था।

जांच में सामने आया है कि उसने परीक्षा में पास कराने और गारंटीड सिलेक्शन का झांसा देकर एक संगठित रैकेट खड़ा किया था। वह अभ्यर्थियों से 25 लाख से लेकर 40 लाख रुपये तक ऐंठता था। CID के मुताबिक, यह पूरा खेल करीब 40 करोड़ रुपये के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है।
13 साल में 12 परीक्षाएं पास, खुद की सफलता को बनाया ढाल
अभय तिवारी का शिकार फंसाने का तरीका बड़ा ही शातिर था। CID की पूछताछ में पता चला है कि उसने पिछले 13 सालों के दौरान 12 अलग-अलग लिखित और मुख्य परीक्षाएं पास की थीं। वह खुद झारखंड प्रशासनिक सेवा (JPSC) में क्लास-1 अफसर की रैंक हासिल कर चुका था।
वह नए अभ्यर्थियों के सामने अपनी इन 12 सफलताओं का ढिंढोरा पीटता था। छात्र उसके लंबे-चौड़े रिकॉर्ड को देखकर आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे। इसके बाद वह उन्हें अपने बिचौलियों के जरिए पास कराने की गारंटी देता था। CID अब उसके इस 12 परीक्षाओं वाले रिकॉर्ड की भी फॉरेंसिक जांच कर रही है कि कहीं इनमें भी धांधली तो नहीं हुई थी।
साला, ममेरा भाई, भौजाई और मौसी का बेटा... पूरे खानदान की करा दी सेटिंग!
विधानसभा के बाहर छात्रों के हाथों में जो पोस्टर दिखाई दे रहे हैं, उनमें अभय तिवारी से जुड़े कई रिश्तेदारों के JSSC CGL BSO परीक्षा में रैंक हासिल करने का दावा किया गया है। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल है। सोशल मीडिया पर भी यह दावा वायरल है कि उत्तर प्रदेश का रहने वाला अभय तिवारी खुद अफसर बनने के बाद अपने खानदान के करीब 22 लोगों को JSSC और JPSC के जरिए सरकारी कुर्सियों पर बैठा चुका है।
- पोस्टर के मुताबिक, अभय तिवारी के साले, भाई, भौजाई और साली का चयन BSO पद के लिए हुआ। इसमें उनके ममेरे भाई उपेंद्र मिश्रा की BSO में 51वीं रैंक का भी दावा किया गया है।
- पोस्टर में तेजनारायण पंडित की BSO में 68वीं रैंक, जिसे अभय तिवारी के चाचा के साढ़ू का बेटा बताया गया है, का जिक्र है। इसके अलावा बिक्रम पांडे की 127वीं रैंक, अभय तिवारी के साले के मौसेरे भाई के तौर पर बताई गई है।
- पोस्टर में बापी कुमार मिश्रा की 124वीं रैंक और सुमित कुमार तिवारी की 143वीं रैंक का भी दावा किया गया है। छात्रों का आरोप है कि ये सभी अभय तिवारी की रिश्तेदारी से जुड़े हैं।
इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि वनइंडिया हिंदी नहीं करता है। ये रांची आंदोलन में शामिल छात्रों के पोस्टर में किए गए दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
क्या पूरा परिवार नौकरी में पहुंच गया?
सोशल मीडिया पर भी अभय तिवारी को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ पोस्ट में कहा गया है कि अभय तिवारी और उनके रिश्तेदारों में बड़ी संख्या में लोगों को झारखंड की सरकारी नौकरियां मिलीं। कुछ पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि अभय तिवारी ने TDPL में दूसरे नाम से काम किया और कंपनी की परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े टेंडर में भी शामिल होने की बात कही गई है।
इसके अलावा सोशल मीडिया पोस्टों में राजनीतिक नेताओं और सरकार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस खुलासे के बाद राज्य में राजनीतिक पारा भी चढ़ गया है।
विपक्ष और सोशल मीडिया यूज़र्स सीधे तौर पर सरकार के मॉडल पर सवाल उठा रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "यह उत्तर प्रदेश का रहने वाला अभय तिवारी है, जो ब्लैकलिस्टेड कंपनी TDPL में फर्जी नाम से काम कर रहा था। इस गिरोह ने झारखंड में नौकरियों की खुली मंडी लगा दी है। राज्य के योग्य अभ्यर्थियों का हक मारकर करोड़ों रुपये में सीटें बेची जा रही हैं।"
CID ने रिश्तेदारों तक जांच क्यों बढ़ाई?
CID अब सिर्फ अभय तिवारी तक सीमित नहीं है। एजेंसी उनके रिश्तेदारों और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका भी देख रही है। इसी कड़ी में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के एक सहायक शिक्षक को पूछताछ के लिए रांची ले जाए जाने की जानकारी सामने आई। कई घंटे की पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि, स्थानीय पुलिस या CID की तरफ से इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
जांच एजेंसी उस शिक्षक के दो बेटों की भूमिका भी खंगाल रही है। आरोप है कि दोनों रांची में रहकर अभ्यर्थियों के संपर्क में थे। उनके नहीं मिलने पर एजेंसी ने परिवार के दूसरे सदस्य से पूछताछ की। साथ ही संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है।
छात्रों के लिए अभय तिवारी इतना बड़ा मुद्दा क्यों?
छात्रों के लिए अभय तिवारी सिर्फ एक आरोपी का नाम नहीं है। उनके पोस्टर अब पूरे आंदोलन में एक प्रतीक बन गए हैं। छात्रों का आरोप है कि अगर एक ही व्यक्ति से जुड़े इतने रिश्तेदार प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए हैं और उसी व्यक्ति का नाम कथित परीक्षा सिंडिकेट की जांच में आया है, तो पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
CID की जांच में क्या सामने आता है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभय तिवारी के कथित नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे, पैसे का रास्ता कहां तक गया और परीक्षा प्रक्रिया में वास्तव में किस स्तर पर गड़बड़ी हुई? यही सवाल झारखंड के छात्र विधानसभा से लेकर जांच एजेंसियों तक उठा रहे हैं। और इसी वजह से अभय तिवारी का नाम JPSC-JSSC आंदोलन के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल हो गया है।


Click it and Unblock the Notifications
