झारखंडः जेल से छूटकर घर आए रेप आरोपित को लोगों ने पीट-पीटकर मारा डाला
सिमडेगा। झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म के मामले में जेल से छूटकर आए युवक की गांव के लोगों ने हत्या कर दी। ग्रामीण रेप की घटना के बाद से ही काफी आक्रोशित थे। उन्होंने देर रात आरोपी के घर हमला कर दिया और उसे अपने साथ ले गए। ग्रामीणों ने मारपीट के बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक दुष्कर्म का आरोपी विनीत सोमवार रात आठ बजे अपने घर पर सोया था।
इसी दौरान गांव के 10-12 लोगों ने उस पर हमला कर दिया और उसे मारते हुए गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर ले गए। ग्रामीणों ने विनीत को पहले लाठी-डंडों से पीटा और इसके बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में रेप पीड़िता के परिजन भी हैं। विनीत पर गांव की एक युवती से दुष्कर्म का आरोप है। सात महीने पहले हुई इस घटना के बाद पुलिस ने विनीत को गिरफ्तार किया था।
पिछले सात महीने से जेल में बंद विनीत पिछले महीने ही छूटकर आया था। पुलिस को घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिली थी, उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के परिजन भी इस घटना में शामिल हैं। वे लोग विनीत के छूटकर आने से दुखी थे। जेल से आने के बाद विनीत लोगों को डराने-धमकाने लगा था।
शव के पोस्टमार्टम के दौरान विनीत के पिता अनिल लकड़ा सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म की घटना के गुस्से में ही उनके बेटे की हत्या की गई है। हमलावरों में गांव वालों के साथ पीड़िता का भाई और कई परिजन शामिल थे। उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई थी।