Dhanbad: बैटरी चार्जर चोरी होने पर धनबाद में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प, 30 लोग अरेस्ट...धारा 144 हुई लागू
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार 30 जून को ई-रिक्शा का बैटरी चार्जर चोरी होने के बाद दो गुटों के बीच जमकर हिंसक झडप हुई। झड़प के दौरान पथराव ही नहीं, बल्कि बमबाजी भी हुई। हिंसक झड़प को देखते हुए धनबाद जिले में आईपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है।
इतना ही नहीं, धनबाद पुलिस ने इस मामले में 30 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पक्षों से गिरफ्तार किए सभी लोगों को मेडिकल के बाद जेल भेज दिया गया। वहीं, हिंसक झड़प के बाद से घटनास्थल पर सन्नाटा पसरा हुआ है। जिला मुख्यालस के आई अतिरिक्त फोर्स के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह हिंसक झड़प धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद कैलुडीह के खटाल में हुई है। यहां टोटो वाहन यानी ई-रिक्शा का चार्जर चोरी होने के बाद दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की नौबत मारपीट तक पहुंच गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनार्दन यादव और मोहम्मद शमीस अख्तार गुट के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दर्जन भर लोग घायल हो गए थे। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात पर नियंत्रण पा लिया था। लेकिन, कुछ देर बाद मामला फिर बिगड़ गया और पत्थरबजी शुरू हो गई।
इस दौरान दोनों गुटों ने बमबाजी भी की। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात काबू में करना काफी मुश्किल हो गया था। जिसके बाद मुख्यालय से पुलिस की अन्य टीम बुलाई गईं। फिलहाल पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहीं, दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एसएसपी धनबाद ने बताया कि कल एक ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज की कथित चोरी को लेकर दो समूहों के बीच झड़प हो गई थी। झड़प के दौरान पथराव हुआ। इलाके में कल लगाई गई धारा 144 जारी है। दोनों पक्षों के करीब 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications