सरायकेलाः बुजुर्ग महिला को डायन बताकर युवक ने सरेआम कुल्हाड़ी से काट दिया
सरायकेला। झारखंड के सरायकेला जिले के सरायकेला थाना के पांपड़ा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुरुवार की शाम को डायन का आरोप लगाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला जलही देवी की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी गयी है। जलही देवी खेत से काम कर घर लौट रही थी तभी घात लगाकर बैठे गोपाल गोडसरा नाम के युवक ने ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया।

इस दौरान वह जमीन पर गिर पड़ी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के साथ कुछ महिलाएं भी थीं जो वारदात के दौरान डर के चलते भाग गईं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गोपाल मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने बताया कि गांव के ही गोपाल गोडसरा नामक व्यक्ति का जलही देवी के साथ पिछले 10 वर्षों से जमीन विवाद चल रहा था। इससे पहले गोपाल ने वृद्धा को डायन बता अपने बच्चों को बीमार करने का आरोप लगा चुका है। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं जमशेदपुर जिले के मुसाबनी थाना क्षेत्र के सोनागढ़ा गांव में दो भाइयों के झगड़े में चाकू से हुए हमले में छोटे भाई की मौत हो गई। छोटे भाई नशे की हालत में बड़े को गाली गलौज कर रहा था। घटना दिन के लगभग साढ़े दस बजे की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी डाटू बास्के तथा उसकी पत्नी फूलो बास्के को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के घर से हत्या में इस्तेमाल की गई भुजाली भी जब्त कर लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications