झारखंडः सरायकेला खरसावा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, मौके पर तीन लोगों की मौत
सरायकेला। झारखंड के सरायकेला खरसावा के पांड्रांसाली थाना क्षेत्र के खूंटपानी खरसावा रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था और बाइक की रफ्तार भी काफी तेज थे। बाइकसवारों ने पहले सामने से आ रहे ट्रैक्टर में टक्कर मारी। इसके बाद बाइक असंतुलित होकर सामने से आ रही स्कूटी से जा टकराई। बाइक सवार युवकों का सिर सड़क से टकराया और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी सवार दो बच्चे समेत दंपती इस हादसे में घायल हो गए। हादसा एदलबेड़ा मोड़ पर हुआ है।

मृतकों में चक्रधरपुर के पोटका निवासी 25 वर्षीय नौरो दोंगो, 26 वर्षीय शत्रुघ्न तैयसुम और 26 वर्षीय लक्ष्मण गगराई शामिल हैं। शत्रुघ्न तैयसुम आईटीआई का छात्र था। जबकि बाकी दोनों लड़के मजदूरी करते थे। तीनों अपने घर से खरसावा की तरफ जा रहे थे। हादसे के वक्त मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। जैसे ही तीनों एदलबेडा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से एक ट्रैक्टर आ गया। बाइक ट्रैक्टर से टकराने के बाद सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई। हादसे में बाइक और स्कूटी सवार सड़क पर गिर गए और सभी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं स्कूटी सवार 11 वर्षीय प्राची प्रधान को सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया है। स्कूटी सवार अनंत प्रधान ने बताया कि वो खरसावां से पूजा कर लौट रहे थे और इसी दौरान एदलबेड़ा मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई।












Click it and Unblock the Notifications