रांचीः शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी को उतार दिया मौत के घाट
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम ताना क्षेत्र स्थित महुआ टोली में बीती रात के दो बजे एक शराबी पति ने अपनी पत्नी की निर्ममता से हत्या कर दी। मृतका की बहन ने आरोपित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने दुपट्टा से गला दबाकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि शराब पीने से मना करने पर युवक आए दिन गाली गलौज और मारपीट करता था। इसी को हत्या का कारण माना जा रहा है। मृतक महिला की पहचान रश्मि कच्छप के रूप में की गई। आरोपित पति का नाम बोआस कच्छप है। मृतका की बहन रेनू तिग्गा ने नामकुम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

इधर आरोपित पति ने पुलिस की पूछताछ में यह भी बताया है कि उसकी पत्नी अक्सर पैसे की मांग करती थी लेकिन पैसा नहीं होने के चलते वह नहीं दे पाता था। इसके चलते उन दोनों के बीच खूब विवाद होता रहता था, जिससे वो तंग आ चुका था। थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में मृतका की बहन ने बताया कि साल 2014 में रश्मि की शादी नामकुम निवासी बोआस कच्छप से हुई थी।
शादी के कुछ दिनों बाद से ही आरोपित पति अत्यधिक शराब का सेवन करने लगा था। शराब पीने से मना करने पर वह पत्नी के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करता था। इन सात साल में रश्मि ने दो बच्चियों को भी जन्म दिया। लेकिन बोआस कच्छप इनका भी पालन-पोषण अच्छे से नहीं कर पाता था।
हाथियों के दल ने दो को कुचलकर मार डाला
वहीं गिरिडीह जिले के सरिया क्षेत्र में एक बार फिर से जंगली हाथियों का आतंक देखा जा रहा है। यहां गुरुवार की रात अम्बाडीह में हाथियों के झुंड ने दो व्यक्तियों को कुचल डाला, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इधर, गांव के पास हाथियों के झुंड के रहने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
दरअसल, सरिया थाना क्षेत्र के कैलाटांड पंचायत के अम्बाडीह गांव में गुरुवार की रात हाथियों का झुंड आ गया। यहां हाथियों ने गांव के सिकंदर रविदास और रोहित रविदास को कुचल दिया। हादसे में सिकंदर रविदास की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रोहित रविदास को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications