Ranchi: 'हाथ में बंदूक...अर्धनग्न अवस्था..सिर पर खून सवार', रांची के Bar में DJ की हत्या का दर्दनाक मंजर
Ranchi DJ Murder: हाथ में बंदूक...अर्धनग्न अवस्था और गमछे से छुपाए चेहरा। सिर पर खून सवार और दिल में बदले की आग। यह नजारा झारखंड राजधानी रांची के एक बार के बाहर का है। यहां मामूली से विवाद में एक युवक बंदूक लेकर बार पहुंचा और डीजे को गोली मार दी। खौफनाक मंजर का वीडियो बार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
मामले के आरोपी बदमाश की तलाश में पुलिस लगी है। बार के सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध बदमाश का आपराधिक चिट्ठा निकालने का प्रयास जारी है। आइए आपको रूबरू कराते हैं खौफनाक मंजर...

मामला रांची के एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार का है। रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार (26 मई) रात 4-5 लोगों के एक समूह ने डीजे संदीप और बार स्टाफ के साथ म्यूजिक बजाने को लेकर बहस की। हालांकि, स्थिति पहले तो सुलझ गई थी और समूह वहां से चला गया था। लेकिन, बार बंद होने के बाद करीब 1 बजे वे वापस लौटे। बार के डीजे संदीप के सीने से सटाकर एक बदमाश ने गोली मारी और बाहर निकल गया। डीजे संचालक संदीप गोली खाने के बाद लड़खड़ाते हुए करीब 8 सेकंड के अंदर जमीन पर गिर गया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद घटना
सीसीटीवी फुटेज में हमला कैद हो गया है, जिसमें एक अर्धनग्न व्यक्ति राइफल लेकर संदीप की छाती पर गोली चलाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति मौके से भाग गया। अन्य कर्मचारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। संदीप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध की पहचान अभिषेक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने एक गाड़ी बरामद की है, जो सिंह की बताई जा रही है, जो एक स्थानीय गैराज चलाता है। अधिकारी फिलहाल बार स्टाफ से पूछताछ कर रहे हैं और संदिग्ध को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज का इस्तेमाल कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार को बताया निकम्मी
वहीं, झारखंड विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने मामले का वीडियो शेयर करते हुए राज्य की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह घटना राजधानी रांची के बीचो-बीच की है। निकम्मी सरकार जब राज्य में होती है, तो शासन अपराधियों के हाथों में चला जाता है। राजधानी रांची में सरेआम एक युवक को मशीन गन के माध्यम से गोलियों से छलनी कर दिया गया।
आप और आपके परिवारजन आज राज्य में सुरक्षित नहीं हैं। अपना ख्याल रखिएगा, यहां की सरकार लूट-खसोट में व्यस्त है। ये आपकी रक्षा करने में नाकाम हैं, इनसे सुरक्षा की उम्मीद बेकार है।












Click it and Unblock the Notifications