घर में तीन बीवियां, फिर भी चौथी शादी करने निकले वकील साहब, कोर्ट परिसर में हो गया 'कांड'
झारखंड की राजधानी रांची की सिविल कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ, जहां एक पत्नी ने अपने वकील पति की जमकर धुनाई की। साथ ही उन पर चौथी शादी करने का आरोप लगाया। इस पारिवारिक मामले में कुछ वकील भी कूद पड़े और उन्होंने भी जमकर हाथ साफ किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नईमुद्दीन उर्फ नूरी पेशे से वकील हैं। उन्होंने पहले से ही 3 शादियां कर रखी हैं। वो चौथी शादी की योजना बना रहे थे, तभी ये खबर उनकी पहली पत्नी को लग गई। वो भी पेशे से वकील हैं।

पहली पत्नी, दूसरी पत्नी को लेकर रांची सिविल कोर्ट पहुंची। पहले तो पति-पत्नी में जमकर बहस हुई, लेकिन कुछ देर बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। महिला वकील ने अपने ही पति की पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद वहां पर लोगों की भीड़ जमा हुई और उन्होंने भी उसे जमकर मारा।
महिला वकील ने बताया कि उनके पति ने पहले से तीन शादियां कर रखी हैं। अब वो चौथी शादी करने जा रहे। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि उनके पति का एक जूनियर वकील के साथ अफेयर चल रहा। उसी को झांसा देकर वो चौथी शादी करेंगे।
अभद्र भाषा का किया इस्तेमाल
दोनों पत्नियों ने बताया कि वो बातचीत के लिए कोर्ट पहुंची थीं, ताकि पति को चौथी शादी करने से रोक सकें, लेकिन वो बहस करने लगे। बाद में उन्होंने अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इस वजह से उन्होंने ये कदम उठाया।
पुलिस के पास पहुंचा मामला
चश्मदीदों के मुताबिक जब महिला वकील अपने पति को मार रही थी, तो किसी ने उनको रोका नहीं, बल्कि कुछ वकील उनके पति को और मारने लगे। बाद में किसी तरह से मामले को शांत करवाया गया। इस वजह से काफी देर तक वहां पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। फिलहाल वकील की दोनों पत्नियों ने उनके खिलाफ महिला थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। साथ ही अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।












Click it and Unblock the Notifications