'छात्रों पर बल प्रयोग गलत!',अपनी सरकार पर भड़के राहुल गांधी, रांची में लाठीचार्ज के बाद क्यों गरमाई सियासत?
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। सोमवार (10 अगस्त) को आंदोलन के 17वें दिन बड़ी संख्या में छात्र रांची में विधानसभा घेराव के लिए सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच टकराव की स्थिति बनी। बैरिकेड पार करने की कोशिश के बाद पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए वाटर कैनन और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया। कुछ रिपोर्टों में आंसू गैस के इस्तेमाल की भी बात कही गई है। कई छात्र घायल हो गए।
इस पुलिसिया कार्रवाई ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों पर बल प्रयोग को गलत बताया और झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की। गौर करने वाली बात ये है कि झारखंड में जेएमएम और कांग्रेस की गठबंधन वाली सरकार है। ऐसे में राहुल गांधी ने ही अपनी सरकार के रुख की तीखी आलोचना कर दी।

राहुल गांधी का संदेश: 'लाठी नहीं, सिर्फ बातचीत से निकलेगा हल'
रांची की सड़कों पर हुए पुलिस एक्शन के तुरंत बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने बिना किसी झिझक के अपनी ही सहयोगी हेमंत सोरेन सरकार को नसीहत दे डाली।
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा,
''झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों के खिलाफ पुलिसिया ताकत का इस्तेमाल पूरी तरह गलत है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना और विरोध दर्ज कराना छात्रों का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी मुद्दे का स्थायी हल सिर्फ बातचीत के जरिए ही निकल सकता है। झारखंड सरकार को तुरंत इन अभ्यर्थियों की बात सुननी चाहिए और उनकी हर परेशानी का फौरन समाधान निकालना चाहिए।"
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब राज्य की हेमंत सोरेन सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर थी। राहुल के इस बयान से साफ हो गया कि छात्रों के मुद्दे पर अब गठबंधन के भीतर भी दवाब बढ़ने लगा है।
बैरिकेडिंग टूटी और फिर शुरू हुई लाठियां
सोमवार (10 अगस्त) को आंदोलन का 17वां दिन था। सुबह से ही हजारों की तादाद में युवा पुरानी विधानसभा के पास जमा होने लगे थे। जैसे ही अभ्यर्थियों का हुजूम विधानसभा की तरफ बढ़ा, सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने के लिए बनाई गई बहुस्तरीय बैरिकेडिंग का हवाला दिया। प्रदर्शनकारियों ने जब आगे बढ़ने और बैरिकेड्स लांघने का प्रयास किया, तो पुलिस ने भीड़ को खदेड़ने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। हालात जब बेकाबू होने लगे, तो पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और बेरहमी से लाठियां भांजना शुरू कर दिया।
पुलिस के इस एक्शन में कई छात्र बुरी तरह चोटिल हुए। कुछ अभ्यर्थियों को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें एम्बुलेंस के जरिए आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर मौजूद छात्रों ने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारी छात्र पीयूष कुमार सोनी ने कहा,
"हम बिल्कुल शांतिपूर्ण तरीके से मार्च निकाल रहे थे। हमने कोई हिंसा नहीं की थी, लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने हम पर अंधाधुंध लाठियां बरसानी शुरू कर दीं। यह तरीका पूरी तरह से अमानवीय था।"
एक अन्य अभ्यर्थी ने पुलिसिया कार्रवाई में महिला छात्रों को निशाना बनाने की बात कही। एक ने कहा, "पुलिस ने यह भी नहीं देखा कि सामने लड़कियां हैं। कई छात्राएं लाठीचार्ज में घायल हुई हैं। पुलिसवालों ने सीधे छात्रों के सिर, चेहरे और हाथों पर लाठियां मारी हैं।"
'सरकार की तरफ से बातचीत की कोई पहल नहीं'
एक तरफ जहां राहुल गांधी लगातार बातचीत की वकालत कर रहे हैं, वहीं धरातल पर छात्रों का आरोप है कि सरकार संवाद से भाग रही है। आंदोलन की अगुवाई कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने स्पष्ट किया कि दोपहर तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं आया था। देवेंद्र नाथ महतो बोले, "हम अपनी जायज मांगों को लेकर सडकों पर डटे हैं, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से किसी ने भी हमसे बातचीत की कोई पहल नहीं की है।"
17 दिनों से जारी इस गतिरोध में अब गेंद हेमंत सोरेन सरकार के पाले में है। एक तरफ जहां छात्रों की मांग JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने और CBI जांच कराने की है, वहीं राहुल गांधी के इस सीधे हस्तक्षेप के बाद राज्य सरकार पर अब दबाव और बढ़ गया है कि वह जल्द से जल्द मेज पर बैठकर इस मसले को सुलझाए।


Click it and Unblock the Notifications
