पलामूः जमीनी विवाद में थाने जा रहे मां और दो बेटों को बोलेरो से रौंदकर मार डाला
पलामू। झारखंड के पलामू जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद के चलते मां और दो बेटों को बोलेरो से रौंदकर मौत के घाट उतार दिया गया। इस दौरान घटनास्थल पर दोनों बेटों की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल मां ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह घटना लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के अधमनिया गांव की है। मृतकों की पहचान विनोद उरांव, संजय उरांव और मां कलावती कंवर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विनोद उरांव, संजय उरांव और मां कलावती कुंवर का राय बहादुर सिंह नाम के व्यक्ति से जमीन को लेकर मारपीट हुई। इसके बाद दोनों बेटे और मां मामला दर्ज कराने थाने जा रहे थे। इसी दौरान राय बहादुर सिंह के बेटे नीतीश सिंह ने बोलेरो से पीछा कर बाइक सवार मां-बेटों को कुचल दिया। जिससे घटनास्थल पर ही दोनों बेटों की मौत हो गई। जबकि मां ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक पक्ष के लोगों ने राय बहादुर सिंह की पिटाई कर दी। उन्हें गंभीर हालत में रांची ले जाया गया। पिता की पिटाई से आक्रोशित बहादुर सिंह के दोनों बेटे नीतीश कुमार सिंह और पंकज सिंह ने बोलेरो से पीछा कर बाइक से थाने जा रहे मां और दो बेटों को रौंद दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने भागने की कोशिश की लेकिन बोलेरो पलट गई।
मृतका कलावती के तीसरे बेटे प्रकाश उरांव ने बताया कि उसकी मां और दोनों भाइयों की हत्या साजिश के तहत की गई है। जबकि आरोपी नीतीश और पंकज ने पुलिस को बताया कि पिटाई के कारण उनके पिता राय बहादुर सिंह हॉस्पीटल में भर्ती हैं, इसलिए वे लोग हड़बड़ी में तेज से गाड़ी चला रहे थे और दुर्घटना घट गई।
बिहारः लड़की को मारने से पहले उखाड़ दिए उसके नाखून वहीं चार साल की बच्ची की भी हत्या, फेंक दिया एसिड