पलामूः प्रेमिका के चक्कर में पत्नी की हत्या कर पति ने कुएं में फेंकी लाश, परिजनों ने लगाया आरोप
पलामू। झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीनगर थाना क्षेत्र के चपरना गांव में कुएं से महिला का शव बरामद किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह स्थानीय लोगों ने पास के कुएं में एक महिला की लाश देखी। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान चपरना निवासी शिवबालक भुइयां के बेटे स्वरूप भुइयां की पत्नी रूपा देवी के रूप में हुई है। साल 2020 में दोनों की शादी हुई थी। बताया जा रहा है कि महिला बीते गुरुवार को अपने मायके से ससुराल आई थी। उसकी सास उसे लेने मायके गई थी।

शनिवार को अचानक यह जानकारी दी गई कि रूपा कहीं भाग गई है। रूपा के मायके के लोगों ने भी अपने स्तर से उसकी खोजबीन शुरू की। तीन दिवन बाद मंगलवार को रूपा की लाश कुएं से बरामद हुई। शव मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता नेपाल भुइयां का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बेटी के साथ उसका पति स्वरूप भुइयां मारपीट करता था, जिसकी शिकायत वो लगातार करती थी। इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी की गई लेकिन उसके बावजूद आरोपित ने रूपा के साथ मारपीट करना नहीं छोड़ा।
नेपाल भुइयां के मुताबिक उनके दामाद का गांव की ही किसी लड़की से प्रेम संबंध था, जिसका रूपा हमेशा विरोध करती थी। इसलिए उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक महिला की मां पन्ना देवी की शिकायत पर उसके पति, देवर, सास और ससुर के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। उसने बताया कि नवविवाहिता के पति स्वरुप भुइयां समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार हैं। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया है और जांच रिपोर्ट का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications