झारखंडः बिजली गिरने से पाकुड़ जिले में 5 लोगों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
पाकुड़। झारखंड के पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के दो गांवों में बारिश के दौरान वज्रपात होने से 5 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा दो बच्चे घायल भी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पांच मृतकों में से तीन बच्चे शामिल हैं। मृतकों की शिनाख्त जुगिडीह गांव में रहने वाला 15 वर्षीय एलेसन सोरेन, 7 वर्षीय बाबुधन सोरेन, 12 वर्षीय जीतराम हेम्ब्रम के रूप में हुई है। इसके अलावा सिमलढाप गांव के सुशील मरांडी (25 वर्ष) एवं गोविंदपुर देविधन (40 वर्ष) के रूप में हुई।

पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि जुगिडीह गांव का महेश सोरेन (10 वर्ष) एवं शिमलढाप गांव का प्रकाश मरांडी (10 वर्ष) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। वज्रपात से घायल महेश सोरेन के पिता विनज सोरेन ने बताया कि गुरुवार शाम को हल्की बारिश हो रही थी। उस वक्त महेश सोरेन आम के पेड़ के नीचे खड़ा था। उसी दौरान ठनका आम के पेड़ पर गिरा, जिसकी चपेट में आकर उसका पुत्र जख्मी हो गया। जबकि वहां मौजूद तीन अन्य बच्चों की मौत हो गई।
वहीं सिमलढाप गांव स्थित वहीयार में मछली पकड़ने के दौरान वज्रपात की चपेट में आने दो ग्रामीणों की मौत हो गई। सुशील मरांडी (25 वर्ष) एवं गोविंदपुर देविधन (40 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी। जबकि एक 10 वर्षीय बच्चा प्रकाश मरांडी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी होने पर डीसी कुलदीप चौधरी के निर्देश पर महेशपुर प्रखंड के बीडीओ और महेशपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं बीडीओ ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है।












Click it and Unblock the Notifications