बीजेपी ने झारखंड में चौंकाया, हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को टिकट, और किन्हें बनाया उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने रविवार को उम्मीदवारों की अपनी पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में बीजेपी ने झारखंड से 3 प्रत्याशियों के नामों का खुलासा किया है। बीजेपी ने दुमका, चतरा और धनबाद सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की है।
इसमें सबसे चौकाने वाला नाम सीता सोरेन का है। हाल ही में झामुमो से बीजेपी में आई सीता सोरेन को दुमका का टिकट मिल गया है। सीता सोरेन का नाम खास इसलिए है, क्योंकि वह झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की भाभी हैं।

सीता सोरेन जामा सीट से विधायक हैं। 19 मार्च 2024 को सीता सोरेन ने पार्टी की तरफ से लगातार उपेक्षा का हवाला देते हुए पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले बीजेपी ने पहली लिस्ट में दुमका से सुनील सोरेन को टिकट दिया था। अब पांचवी लिस्ट में सीता सोरेन का नाम आने का मतलब ये है कि उनका टिकट कट गया है।
आपको बता दें कि दुमका लोकसभा सीट से लंबे समय तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन जीतते रहे थे। साल 2014 की मोदी लहर में भी शिबू सोरेन ने यह सीट अपने नाम की थी लेकिन 2019 में यह सीट बीजेपी के खाते में चली गई थी और यहां से सुनील सोरेन बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।
बीजेपी ने चतरा सीट से कालीचरण सिंह और धनबाद सीट से बाघमारा विधायक ढुलू महतो को उतारा है। चतरा से मौजूदा सांसद सुनील सिंह को किनारे लगा दिया गया है वहीं धनबाद से भी पीएन सिंह को टिकट नहीं मिला है।
झारखंड की 14 लोकसभा सीटों में आज तीन सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के साथ कुल 13 सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी घोषित किए चुके हैं। इनमें अन्नपूर्णा देवी, गीता कोड़ा व सीता सोरेन तीन महिलाएं शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications