Lok Sabha Chunav 2024: जानें झारखंड में कब, कहां और कितने चरणों में होगा मतदान
Jharkhand Lok Sabha Elections Voting Date: लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को तारीखों का एलान कर दिया गया है। इस बार झारखंड में 14 सीटों पर चार चरणों में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान होगा। वहीं 4 जून को मतगणना की जाएगी।
शुरुआत के तीन चरण में कोई वोटिंग नहीं है। चौथे चरण 13 मई से झारखंड में मतदान शुरू होगा। चौथे चरण 13 मई को राज्य की कुल 4 सीटों पर मतदान होगा। वहीं 5वें चरण में 20 मई को 3 सीट पर मतदान होगा। छठे चरण में 25 मई को 4 सीटों पर वोटिंग होगी। 7वें और आखिरी चरण में 1 जून को 3 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। 4 जून को मतगणना होगी।

पिछली बार भी झारखंड में चार चरणों में मतदान हुआ था। लोकसभा चुनाव के साथ झारखंड के गांडेय सीट पर उपचुनाव भी होगा। पांचवें चरण के मतदान के दौरान गांडेय में उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। जेएमएम विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद ये सीट खाली हुई है।
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीख में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्र का विशेष ध्यान रखा है। झारखंड में मतदाताओं की कुल संख्या 2 करोड़ 53 लाख 86 हजार 152 है। एक साल में मतदाताओं की संख्या में 3.49 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
झारखंड में 14 में से 6 सिटें एसटी- एससी के लिए आरक्षित
झारखंड सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले भारतीय राज्यों की सूची में असम के साथ संयुक्त रूप से 14 स्थान पर है। क्योंकि दोनों के खाते में कुल 14 सीटें हैं। झारखंड की सबसे बड़ी आबादी आदिवासियों की है। जिसके कारण ही राज्य में 14 में से पांच सीटें एसटी के लिए और एक सीट एससी उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है।
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बीजेपी ने झारखंड में 11 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। 3 सीटों (धनबाद, चतरा व गिरिडीह) पर उम्मीदवारों की घोषणा बाकी है। जबकि गठबंधन दलों ने अब तक सीट शेयरिंग को लेकर सिर्फ फॉर्मूला तय किया है। इसके अनुसार कांग्रेस सात, झामुमो पांच और राजद व वामदल एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
बीजेपी ने इन्हें दिया है मौका
राजमहल - ताला मरांडी
दुमका - सुनील सोरेन
गोड्डा - डॉ निशिकांत दुबे
सिंहभूम- गीता कोड़ा
कोडरमा - अन्नपूर्णा देवी
रांची - संजय सेठ
जमशेदपुर - विद्युत वरण महतो
खूंटी- अर्जुन मुंडा
लोहरदगा - समीर उरांव
पलामू- विष्णु दयाल राम
हजारीबाग- मनीष जायसवाल
कांग्रेस-झामुमो में इतनी सीटों पर बनी सहमति
झारखंड में इंडिया गठबंधन में सीटों का फार्मूला तय हुआ है। सूत्रों की मानें तो बहुत जल्द उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। सहमति के अनुसार कांग्रेस 7, झामुमो 5, राजद और वामदल एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे।
बीते लोकसभा चुनाव की बात करें तो झारखंड में 2019 में चार चरणों में वोट डाले गए थे. वहीं, इसके पहले 2014 राज्य में तीन फेज में वोट डाले गए थे।
बता दें कि 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में NDA गठबंधन ने 12 सीटें जीती थीं. इसमें अकेले BJP की 11 सीटें थीं और एक सीट आजसू के खाते में गई थी।
इसके अतिरिक्त झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस को 1-1 सीटें मिली थीं। लोकसभा चुनाव में 1-1 सीट मिलने के बावजूद विधानसभा चुनाव में क्षेत्रीय पार्टियों का ही जलवा रहा।
राज्य में फिलहाल JMM-कांग्रेस और RJD की गठबंधन सरकार है। बता दें कि झारखंड में इसी वर्ष अक्टूबर-नवंबर में यहां विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में लोकसभा चुनाव के नतीजों पर भी नजर रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications