'हमें परेशान किया जा सकता है, गिराया नहीं जा सकता', लातेहार में सीएम सोरेन ने बीजेपी पर कुछ यूं कसा तंज
Khatiyan Johar Yatra: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लातेहार में जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'पहली बार जनता के सहयोग से राज्य (झारखंड) में मजबूत सरकार बनी है, जिसे लगातार अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।'

Khatiyan Johar Yatra के तहर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) अमर वीर शहीदों की पावन धरती लातेहार (Latehar) पहुंचे। यहां जिला खेल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए बीजेपी का नाम लिए बगैर निशाना साधा। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा, 'पहली बार जनता के सहयोग से राज्य (झारखंड) में मजबूत सरकार बनी है, जिसे लगातार अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।'
झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने लातेहार में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में खतियानी जोहार यात्रा में लोगों की भीड़ यह दिखा रही है कि खतियानी का मतलब क्या है, खतियानी की मांग क्या है। जो विपक्षी खतियान की हमारी मांग को असंवैधानिक कहते हैं उनके लिए प्रत्येक यात्रा में उमड़ी लोगों की भीड़ का यह संदेश ही काफी है। उन्होंने कहा कि झारखण्डवासियों को अधिकार के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है। यह खतियानी जोहार यात्रा हमारे और आने वाली पीढ़ी के लिए है।
सीएम सोरेन ने कहा कि झारखंड हितैषी हमारी मांग को विपक्षी असंवैधानिक बताने में जुट जाते हैं। इन्होंने झारखण्डियों की नियोजन नीति रद्द करवाया। हमें अधिकार मिले, इन्हें दिक्कत होती है। कहा कि हम गरीबों को पेंशन, धोती-साड़ी, अनाज देते हैं तो विपक्षी बोलते हैं कि रेवड़ी बांट रहे हैं। रेवड़ी बांटने से देश दिवालिया हो जाएगा। हम लोग रेवड़ी नहीं उनके दुःख-दर्द को बांटते हैं। रेवड़ी तो आप लोग बांटते हैं। देश में इनके व्यापारी मित्र के कारण क्या कोहराम मचा है आप देख रहे हैं।
सीएम सोरेन ने बोलते हुए कहा कि सामाजिक व्यवस्था के ताना-बाना को मजबूत करने की हमारी सोच है। अगर गांव मजबूत होगा, गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तो राज्य सशक्त होगा। आप देखेंगे पशुधन, रोजगार सृजन जैसी अनेक योजनाएं उसी को ध्यान में रखकर बनायी गयी हैं। आप सभी से आग्रह इन लोक-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य लें। कहा कि हमारे वजूद पर हमला हो रहा है। विगत 20 वर्षों में विपक्ष ने जानबूझकर जमीन से जुड़े मुद्दों को कभी हल करने का काम नहीं किया।
बड़े पैमाने पर पूंजीपति लोग हमारे जमीन पर कब्जा करें इसी पर विपक्ष ने काम किया। लेकिन चिंता ना करें इसके समाधान का विचार हमारी सरकार में चल रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग अपना अधिकार लेने की क्षमता रखते हैं। खतियानी जोहार यात्रा के जरिये हमने खतियानी व्यवस्था, खतियानी लोगों को मजबूत करने का कार्य किया है। आने वाले समय में यह जंग हम जीतेंगे। यहां के मूलवासियों-आदिवासियों को उनका हक कैसे मिले यह हम सुनिश्चित करेंगे।
Recommended Video

लातेहार में बोलते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार के मंत्री झारखंड में आते हैं, तो कहते है कि राज्य की सरकार गिरा दो। वह यह नहीं जानते कि राज्य सरकार इतनी मजबूत है कि उसे परेशान किया जा सकता है, लेकिन गिराया नहीं जा सकता। कहा कि हम यहां के आदिवासी-मूलवासी को नौकरी और रोजगार देना चाहते हैं। मगर कुछ लोग हमारे इरादों पर पानी फेरना चाहते हैं। हमारे कदम से दूसरे राज्यों के लोगों के पेट में दर्द होता है और उनका मुखौटा कौन होता है, विपक्ष का नेता। हमारा हक छीनने के लिए विपक्ष ने ऐसे लोगों को लगा रखा है।












Click it and Unblock the Notifications