झारखंड मुक्ति मोर्चा का दावा, BJP के 16 विधायक हमारे संपर्क में, भाजपा सांसद बोले- उनके 21 हमारे संपर्क में
रांची, 26 जुलाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के 16 विधायक उनके संपर्क में हैं। दरअसल झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ अवैध खनन को लेकर जांच एजेंसियों की नजर है तो इस बीच झामुमो चीफ के दावे ने प्रदेश की सियासी हलचल को तेज कर दिया है। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के ये सभी 16 विधायक हेमंत सोरेन सरकार का समर्थन करने के लिए तैयार हैं, इन सभी विधायकों का भाजपा में दम घुट रहा है। हालांकि उन्होंने कहा कि पार्टी फैसला तभी ले सकती है जब आधिकारिक तौर पर इन लोगों का प्रस्ताव हमारे पास आए। वहीं जब सरकार को लेकर उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्थिर है।

झामुमो चीफ के दावे पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि झामुमो के विधायक भ्रष्टाचार में डूबे हैं। भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल सहदेव ने कहा कि झामुमो अपनी सरकार को बचाने की हर संभव कोशिश कर रही है। इस सरकार पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। झामुमो के विधायक लूट और भ्रष्टाचार पर टिके हैं, ये लोग फर्जी दावे करके अपनी सरकार को बचाने की आखिरी कोशिश कर रहे हैं, ये सब भ्रमित करने की तकनीक है, लोगों को गुमराह करके उनका ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है। बात यहीं नहीं खत्म हुई है, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि झामुमो के 21 विधायक विद्रोह के लिए तैयार हैं।
निशिकांत दुबे ने कहा कि झामुमो के महासचिव पंकज मिश्रा के जेल जाने के बाद पार्टी बौखला गई है, यही वजह है कि इनके 21 विधायकों ने बगावत कर दी है। मुख्यमंत्री के परिवार में बगावत हो गई है, जिसके चलते ये लोग अब खयाली पुलाव पका रहे हैं। भाजपा प्रदेश में चोरों की जमात और भ्रष्टाचारियों की पार्टी से लड़ रही है। ये लोग भाजपा के भीतर बगावत की बात करते हैं जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा दफ्तर का मच्छर भी झामुमो से नफरत करता है।












Click it and Unblock the Notifications