CM हेमंत सोरेन को JMM की कमान, पिता शिबू सोरेन को नया सम्मान, 13वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में बड़ा फैसला
Hemant Soren JMM New President: झारखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पार्टी की कमान अब राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंप दी है। पार्टी के 13वें महाधिवेशन के दौरान उन्हें झामुमो का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता और झामुमो के कद्दावर चेहरा शिबू सोरेन को अब 'संस्थापक संरक्षक' की भूमिका सौंपी गई है।
अब तक हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में पार्टी की जिम्मेदारियां निभा रहे थे। वहीं शिबू सोरेन, जो पार्टी के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे, उनको 13वें महाधिवेशन में पार्टी का 'संस्थापक संरक्षक' चुना गया हैं। यह फैसला रांची में मंगलवार को आयोजित झामुमो के केंद्रीय अधिवेशन में लिया गया, जिसमें पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अध्यक्ष बनते ही हेमंत सोरेन का पहला पोस्ट
पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने के बाद हेमंत सोरेन ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, पार्टी के लाखों साथियों ने मुझ पर जो विश्वास जताया है उसे दिन-रात कड़ी मेहनत कर पूरा करने का काम करूंगा। आप सभी का यही साथ ही मेरी ताकत है। मैं दोगुनी ताकत के साथ राज्यवासियों की सेवा के लिए आगे बढूंगा। आप सभी के अपार स्नेह और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद, आभार।"
पार्टी सूत्रों का मानना है कि हेमंत सोरेन के अध्यक्ष बनने से युवा नेतृत्व को मजबूती मिलेगी और पार्टी को एक नई दिशा व ऊर्जा मिलेगी। वहीं शिबू सोरेन को संरक्षक बनाए जाने से यह तय है कि अनुभव और मार्गदर्शन का एक अहम स्तंभ पार्टी के साथ बना रहेगा।
झारखंड में गठबंधन सरकार
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एक क्षेत्रीय पार्टी है और झारखंड में सत्ता में है। यह केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाले महागठबंधन का हिस्सा है। झामुमो ने हाल ही में संपन्न झारखंड विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की और इसके बाद अपने सहयोगी कांग्रेस, राजद और वाम दलों के साथ मिलकर सरकार बनाई।
पढ़िए किसको कितनी सीटें?
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 34 सीटें जीतीं, जबकि उसके सहयोगियों ने 22 सीटें जीतीं। JMM के सहयोगियों में कांग्रेस ने 16 सीटें, राजद ने चार सीटें और CPI-ML ने दो सीटें जीतीं। भाजपा ने 21 सीटें जीतीं, और उसके सहयोगी आजसू, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और जेडी-यू ने एक-एक सीट जीती।
विशेष रूप से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किए जाने के बाद पार्टी ने कई उतार-चढ़ाव देखे थे, जिसके बाद उन्होंने पद छोड़ दिया और फिर चंपई सोरेन को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया।
हेमंत सोरेन को कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद लगभग पांच महीने बाद 28 जून, 2024 को बिरसा मुंडा जेल से रिहा किया गया।
8 जुलाई, 2024 को उन्होंने तीसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस कदम के बाद चंपई सोरेन ने चुनाव शुरू होने से ठीक पहले झामुमो से इस्तीफा दे दिया और भाजपा में शामिल हो गए। 31 जनवरी को गिरफ्तारी से पहले सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें जनवरी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित भूमि घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित आरोपों में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications