शादी करने के बहाने लड़की से बनाता रहा शारीरिक संबंध और गर्भवती होने पर करा देता था गर्भपात
लोहरदगा। झारखंड के लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना इलाके में शादी रचाने के नाम पर लड़की के साथ दो साल तक यौन शोषण का मामला सामने आया है। पीड़ित लड़की ने इस मामले में आरोपित युवक के विरुद्ध सेन्हा थाने में एफआईआर दर्ज करा दिया है। आरोपित अजित उरांव घाघरा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव का निवासी है। वहीं पुलिस पीड़िता की शिकायत दर्ज करने के बाद मामले की जांच में जुटी हुई है।

शादी का झांसा देकर बनाता रहा शारीरिक संबंध
बता दें कि पीड़ित लड़की सेन्हा थाना क्षेत्र में अपनी नानी के घर में रहकर पढ़ाई करती है। पीड़िता मूल रूप से कुडू की रहने वाली है। पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती अजित उरांव से हुई थी। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक शादी का झांसा जेकर आरोपित अजित दो साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान वह कई बार गर्भवती भी हुई, आरोपित उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया।

कई बार कराया गर्भपात
पीड़िता के मुताबिक आरोपित बार-बार उससे शादी करने से मना कर रहा था, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं इस मामले को लेकर सेन्हा थाना प्रभारी वीरेंद्र एक्का ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन जारी है। आरोपित की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
वहीं यौन शोषण का मामला प्रकाश में आने के बाद आरोपित युवक अजित उरांव फरार हो गया है। हालांकि पुलिस ऐसा दावा कर रही है कि आरोपित अजित को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं पीड़िता की मेडिकल जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झारखंडः लड़की को अगवा कर उसके साथ किया रेप फिर जिंदा कुएं में फेंका, गिरफ्तार