झारखंड में JPSC आंदोलन में 16 दिनों में क्या-क्या हुआ? छात्रों की मांग से विधानसभा घेराव तक, पूरी टाइमलाइन

Jharkhand JPSC-JSSC Protest: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन अब और तेज हो गया है। रांची में जारी प्रदर्शन रविवार (09 अगस्त) को 16वें दिन में पहुंच गया। एक तरफ सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का दौर चल रहा है, तो दूसरी तरफ भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की हालत चिंता बढ़ा रही है। इसी बीच JLKM सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो भी छात्रों के समर्थन में उतर आए हैं। उन्होंने 09 अगस्त को पुराने विधानसभा परिसर में एक दिन का निर्जला उपवास शुरू किया है।

सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या सरकार और छात्रों के बीच होने वाली तीसरी बैठक से कोई रास्ता निकलेगा। 7 और 8 अगस्त को हुई दो बैठकों में कोई ठोस फैसला नहीं निकल पाया। 9 अगस्त दोपहर 12 बजे दोनों पक्षों के बीच तीसरे राउंड की बातचीत प्रस्तावित है। वहीं छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान किया है। ऐसे में आइए जानते हैं कि झारखंड में JPSC-JSSC आंदोलन में अब तक इन 16 दिनों में क्या-क्या हुआ है।

Jharkhand JPSC-JSSC Protest

देवेंद्र की तबीयत बिगड़ी, आंदोलन में बढ़ी बेचैनी

छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। 9 अगस्त सुबह करीब 3 बजे उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया और स्लाइन के जरिए उन्हें मेडिकल सपोर्ट दिया जा रहा है।

आंदोलन में शामिल छात्रों का कहना है कि भूख हड़ताल लंबी खिंचने के साथ प्रदर्शनकारियों की हालत कमजोर होती जा रही है। फिलहाल छह छात्र अनशन पर बैठे बताए गए हैं। ऐसे में सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का तीसरा दौर काफी अहम माना जा रहा है।

जयराम महतो भी मैदान में उतरे, बोले- CBI जांच हो

छात्रों की मांगों के समर्थन में JLKM प्रमुख और डुमरी विधायक जयराम महतो ने रविवार को पुराने विधानसभा परिसर में एक दिन का निर्जला उपवास रखा। उनका कहना है कि बतौर विधायक उनकी मौजूदगी आंदोलन पर अतिरिक्त दबाव बना सकती है।

जयराम महतो ने कहा, "विधानसभा सदस्य होने के नाते मुझे लगता है कि मेरी भागीदारी और यह भूख हड़ताल सरकार पर कम से कम थोड़ा अतिरिक्त दबाव जरूर बनाएगी। इस पूरे मामले की CBI जांच होनी चाहिए।"

उन्होंने परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर सिस्टम में बड़े स्तर पर मिलीभगत की आशंका भी जताई। जयराम के मुताबिक,

"सरकार को अच्छी तरह पता है कि इस मामले में दोषी कौन हैं। यह कोई छोटा मामला नहीं है। अगर सीटों की खरीद-फरोख्त लाखों रुपये में होने की बात सामने आ रही है, तो यह मानना मुश्किल है कि कोई सामान्य अधिकारी अकेले इतनी बड़ी रकम संभाल सकता है। इसमें ताकतवर लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।"

हालांकि ये आरोप हैं और इनकी स्वतंत्र जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है।

दो दौर की बातचीत फेल, अब तीसरी मीटिंग पर नजर

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत की कोशिश जरूर शुरू हुई है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। 7 अगस्त को पहले गुट के छात्र प्रतिनिधियों के साथ सरकार ने बातचीत की थी। इसके बाद 8 अगस्त को दूसरे छात्र गुट के प्रतिनिधियों के साथ दूसरे दौर की बैठक हुई।

8 अगस्त की बैठक करीब एक घंटे चली। सरकार की तरफ से मंत्री दीपिका पांडे सिंह, सुदिव्य कुमार सोनू और संजय कुमार यादव मौजूद रहे। छात्र पक्ष से दीनबंधु मंडल, पूजा कुमारी, चंदन कुमार, विमल कुमार, प्रेम कुमार, रविशंकर, अमित कुमार शर्मा और रामावतार महतो ने बातचीत में हिस्सा लिया।

बैठक के बाद भी कोई ठोस सहमति नहीं बनी। हालांकि सरकार ने साफ संकेत दिया है कि बातचीत के रास्ते बंद नहीं हुए हैं। रविवार 9 अगस्त को तीसरे दौर की बातचीत होनी है। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि सरकार अलग-अलग छात्र समूहों और दूसरे स्टैकहोल्डर्स से सुझाव ले रही है। उनका कहना है कि सभी पक्षों की बात सुनने के बाद आगे फैसला लिया जाएगा।

चारों छात्र संगठनों की तीन बड़ी मांगें क्या हैं?

8 अगस्त की बातचीत में चार छात्र संगठनों ने अपनी मांगें सरकार के सामने रखीं। मांगों में कुछ अंतर जरूर है, लेकिन तीन मुद्दे लगभग सभी के बीच एक जैसे हैं।

  • पहली मांग है कि JPSC प्रारंभिक परीक्षा समेत TDPL एजेंसी से कराई गई संबंधित परीक्षाओं को रद्द कर दोबारा कराया जाए।
  • दूसरी मांग है कि कथित परीक्षा गड़बड़ी की स्वतंत्र जांच हो। इसके लिए छात्रों ने CBI या हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाने की मांग रखी है।
  • तीसरी और सबसे बड़ी मांग JPSC और JSSC में व्यापक रिफॉर्म की है। छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षा की पूरी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए।

किस संगठन ने क्या मांगा?

अभ्यर्थी न्याय मंच ने 14 सूत्री मांगों का प्रस्ताव रखा। इसमें TDPL एजेंसी से हुई JPSC की चयन परीक्षाओं की अधिसूचना रद्द कर नए सिरे से परीक्षा कराने और JSSC CGL को रद्द करने की मांग शामिल है। मंच ने JPSC की 11वीं और 13वीं सिविल सेवा परीक्षा की CBI जांच, वन सेवा परीक्षा में उम्र सीमा में छूट और सहायक आचार्य के करीब 26 हजार खाली पदों पर भर्ती की मांग भी रखी।

मंच ने यह भी कहा कि भर्ती परीक्षाओं के कैटेगरी-वाइज कटऑफ और उम्मीदवारों के अंक सार्वजनिक किए जाएं। प्रतिनिधिमंडल में कमलेश चौधरी, विमल कुमार, चंदन कुमार, रामावतार महतो, प्रेम कुमार, रवि शंकर, दीनबंधु मंडल और अमित कुमार शर्मा शामिल रहे।

झारखंड छात्र मोर्चा ने 14वीं JPSC परीक्षा रद्द करने और JPSC की 2023 और 2025 की बैकलॉग परीक्षाओं को फिर से कराने की मांग की। संगठन ने वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने और एक स्वतंत्र मॉनिटरिंग सेल बनाने की बात भी रखी।

आदिवासी छात्र संघ ने JPSC-JSSC परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच के साथ 1932 के खतियान के आधार पर नियोजन नीति बनाने की मांग की। संगठन ने JPSC के syllabus में जनजातीय और क्षेत्रीय भाषाओं के अंकों को ज्यादा वजन देने और उन्हें अनिवार्य करने की मांग भी रखी।

एक अन्य छात्र प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षाओं को नए सिरे से कराने, हर साल परीक्षा कैलेंडर जारी करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था करने की मांग की।

फ्लैश लाइट मार्च से विधानसभा घेराव तक, आंदोलन कैसे बढ़ा?

8 अगस्त शाम छात्रों ने शहीद निर्मल महतो की शहादत दिवस पर फ्लैश लाइट मार्च निकाला। मार्च जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर अलबर्ट एक्का चौक तक गया। इस दौरान छात्रों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इससे पहले शनिवार सुबह ABVP कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। रांची प्रशासन ने आंदोलन स्थल पर कैमरे भी लगाए हैं। दूसरी तरफ छात्रों ने अब 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की घोषणा कर दी है। यानी अगर बातचीत से कोई रास्ता नहीं निकलता है तो आंदोलन अगले चरण में जा सकता है।

SC तक पहुंचा JPSC-JSSC विवाद, PIL में क्या मांग?

परीक्षा में कथित गड़बड़ी का विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया है। वकील सत्यम सिंह के मुताबिक राजनीतिक नेता हरिशरण देवगन ने PIL दायर की है। याचिका में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कई मुद्दों पर राहत की मांग की गई है। वहीं सरकार ने छात्रों से सुझाव लेने के लिए एक फीडबैक व्यवस्था भी शुरू की है। इसके लिए [email protected] ईमेल आईडी और फीडबैक नंबर जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पीयूष मिश्रा पहुंचे तो छात्रों का जोश बढ़ा

आंदोलन को उस वक्त एक अलग तरह का समर्थन मिला जब अभिनेता, लेखक और कवि पीयूष मिश्रा प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उनके संघर्ष में साथ खड़े होने की बात कही। पीयूष मिश्रा ने कहा,

"मैंने कुछ छात्रों के इंटरव्यू देखे थे। उनकी आंखों में दर्द साफ दिखाई दिया। उनकी परेशानी और आंसुओं ने मुझे यहां आने के लिए मजबूर किया। मैं दो दिन खाली था, इसलिए आपके बीच आ गया। पिछले कुछ दिनों से हम अपनी क्षमता के हिसाब से आर्थिक मदद, खाना, मैट और तिरपाल जैसी चीजें पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।"

उन्होंने छात्रों के बीच अपना चर्चित गीत 'आरंभ है प्रचंड' भी गाया और उनका हौसला बढ़ाया। इसी दौरान AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने भी 8 अगस्त को छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की।

अब असली परीक्षा सरकार की, बातचीत या टकराव?

पूरे आंदोलन को देखें तो अब मामला सिर्फ परीक्षा रद्द करने की मांग तक सीमित नहीं है। छात्र जांच, ट्रांसपेरेंसी और JPSC-JSSC reform की बात कर रहे हैं। सरकार बातचीत कर रही है, लेकिन अभी तक किसी मांग पर अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

9 अगस्त की तीसरी बैठक इसलिए अहम है क्योंकि एक तरफ देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ रही है और छह छात्र भूख हड़ताल पर हैं। दूसरी तरफ 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान हो चुका है। अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि बातचीत को किसी ठोस फैसले तक कैसे पहुंचाया जाए। छात्रों की मांगों पर अगर जल्द कोई स्पष्ट रोडमैप सामने नहीं आता है, तो आंदोलन और बड़ा होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+