'लाठी-गोली से नहीं, बात से हल होगा मसला', CM हेमंत सोरेन का ऐलान, क्या बैठक के बाद मान गए आंदोलनकारी छात्र?

Jharkhand JPSC JSSC Protest: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा। रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को भरोसा दिया कि सरकार उनकी बात सुनेगी और उन्हें न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे किसी राजनीतिक संरक्षण के भरोसे न रहें और अपनी शिकायतें सीधे सरकार तक पहुंचाएं।

लेकिन सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के बाद भी आंदोलन खत्म नहीं हुआ। छात्रों ने अभी अपना प्रदर्शन वापस लेने का फैसला नहीं किया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि सरकार की घोषणाओं के बाद भी छात्रों का भरोसा क्यों नहीं लौटा और आगे यह आंदोलन किस दिशा में जाएगा।

Jharkhand JPSC JSSC Protest

हेमंत सोरेन ने कहा- डरने की जरूरत नहीं, सीधे सरकार से बात करें

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदर्शनकारी युवाओं और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें किसी नेता या राजनीतिक संरक्षण की जरूरत नहीं है। सरकार की जिम्मेदारी है कि छात्रों को उनका हक मिले।

उन्होंने कहा,

"आपको किसी राजनीतिक सहारे की जरूरत नहीं है। जो आपका हक है, वह आपको दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। अपनी शिकायत लेकर बिना किसी डर के सरकार के पास आइए। हम आपकी बात सुनेंगे और उसे गंभीरता से देखेंगे।"

सीएम सोरेन ने छात्रों के साथ संवेदनशील तरीके से पेश आने की बात भी कही। उनका कहना था कि युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी बात सुनी जानी चाहिए। सरकार बातचीत के जरिए रास्ता निकालना चाहती है।

लाठी और गोली से नहीं, बातचीत से निकलेगा रास्ता

सीएम सोरेन कहा ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग और कानूनी कार्रवाई के तरीके पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार आवाज उठाने वाले युवाओं को डराने, धमकाने और बदनाम करने की कोशिश होती है। इसके बाद लाठी और डंडे चलाए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर गोली चलाने और देशद्रोह जैसे आरोप लगाने तक की बात सामने आती है।

हेमंत सोरेन ने कहा,

"बाबा साहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर ने हमें ऐसा संविधान दिया है, जो अमीर और गरीब सभी को बराबर अधिकार देता है। लोकतंत्र को चुनौती देने वाली ताकतों के बीच हमें अपने अधिकारों की रक्षा करनी है। झारखंड सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों की धरती भी है।"

उन्होंने साफ कहा कि छात्रों की मांगों का समाधान बातचीत से होना चाहिए। सीएम सोरेन के मुताबिक लाठी, डंडे और बंदूक की जरूरत देश की सीमा की रक्षा के लिए है, अपने ही लोगों के खिलाफ नहीं।

राज्यपाल ने भी छात्रों से कहा- सरकार की बात पर भरोसा करें

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी छात्रों से सरकार के साथ बातचीत जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार छात्रों से संपर्क में हैं और उनकी चिंताओं का समाधान किया जाएगा।

राज्यपाल ने कहा, "जो युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्हें मुख्यमंत्री की बात पर भरोसा करते हुए सरकार से बातचीत करनी चाहिए। सरकार लगातार उनसे संवाद कर रही है और उनकी समस्याओं का रास्ता बातचीत से निकाला जाएगा।"

सरकार और छात्र संगठनों के बीच रविवार को हुई बैठक से गतिरोध कुछ कम हुआ, लेकिन आंदोलन खत्म नहीं हुआ। छात्रों ने साफ किया कि वे आगे प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखने या वापस लेने पर फैसला करेंगे।

सरकार ने कथित परीक्षा गड़बड़ियों की जांच के लिए रिटायर्ड हाई कोर्ट जज की अध्यक्षता में पैनल बनाने की दिशा में कदम उठाने की बात कही है। छात्रों की ओर से हालांकि CBI जांच की मांग रखी गई है। सरकार ने जिन तीन परीक्षाओं को रद्द करने का प्रस्ताव रखा है, उनमें JPSC 2023, JPSC 2025 और 14वीं प्रारंभिक परीक्षा शामिल हैं।

फास्ट ट्रैक कोर्ट और 90 दिन में चार्जशीट का दावा

बैठक के बाद झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि परीक्षा गड़बड़ी से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मामलों में 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की कोशिश होगी।

सुदिव्य कुमार ने बातचीत को सकारात्मक बताया। अब छात्रों को तय करना है कि सरकार के इन कदमों के बाद आंदोलन खत्म किया जाए या इसे आगे बढ़ाया जाए।

छह छात्र भूख हड़ताल पर, दो की सेहत को लेकर चिंता

छात्र आंदोलन के बीच भूख हड़ताल भी बड़ा मुद्दा बन गई है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई जा रही है। दूसरे छात्र राहुल क्रांतिम भी भूख हड़ताल पर हैं और उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया है। कुल छह प्रदर्शनकारी भूख हड़ताल पर बताए गए हैं। यानी सरकार के साथ बातचीत के बावजूद छात्रों के आंदोलन का सबसे संवेदनशील हिस्सा अभी खत्म नहीं हुआ है।

ED जांच से लेकर परीक्षा एजेंसी की जांच तक, सरकार ने क्या कहा?

सरकार ने कथित परीक्षा गड़बड़ियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन की ED से जांच कराने की इच्छा भी जाहिर की है। इसके अलावा लखनऊ की निजी परीक्षा एजेंसी TSR Data Processing Pvt Ltd यानी TDPL की ओर से कराई गई सभी परीक्षाओं की जांच की बात कही गई है। सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए IIM और XISS से मदद लेने की बात भी कही है। मकसद परीक्षा व्यवस्था को ज्यादा भरोसेमंद बनाना है।

कांग्रेस की छात्र इकाई से लेकर आदिवासी संगठनों तक, कई गुटों से बातचीत

पिछले कुछ दिनों में सरकार ने अलग-अलग छात्र संगठनों के साथ कई दौर की बातचीत की है। इनमें कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI, JCM और ACS शामिल हैं। फिलहाल तस्वीर साफ है। सरकार बातचीत और जांच के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है। छात्र CBI जांच समेत अपनी मांगों पर पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे। ऐसे में असली परीक्षा अब सरकार की घोषणाओं को जमीन पर लागू करने और छात्रों का भरोसा वापस जीतने की है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+