Jharkhand Election Result 2024: झारखंड में किन बड़े और राष्ट्रीय दलों को NOTA ने पछाड़ा?
Jharkhand Election Results 2024 in Hindi: झारखंड विधानसभा चुनावों में एक बार फिर से सारे एग्जिट पोल फेल हो गए हैं। ज्यादातर अनुमानों में बीजेपी और उसकी अगुवाई वाले एनडीए को बढ़त दिखाया गया था। कुछ में कांटे की टक्कर भी दिखाई गई थी और कुछ में जेएमएम की अगुवाई वाले इंडिया ब्लॉक की जीत का भी दावा किया गया था। लेकिन, जब परिणाम आए तो बीजेपी अप्रत्याशित रूप से पिछड़ गई और हेमंत सोरेन का सिक्का फिर से चल गया। इस चुनाव में झारखंड में नोटा ने भी कमाल कर दिया है।
झारखंड विधानसभा चुनाव में इस बार मतादाताओं ने नोटा को इतना वोट दिया है कि कई बड़ी पार्टियां और राष्ट्रीय दल भी उससे पिछड़ गए हैं। झारखंड में नोटा को 1.27% वोट मिले हैं। जबकि, इस आंकड़े को छूने में बड़ी-बड़ी पार्टियां भी बेदम हो चुकी हैं।

झारखंड में बड़ी पार्टियों पर नोटा भारी
मसलन, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमएआईएम को 0.11% मिल पाए हैं। वहीं राष्ट्रीय पार्टी बीएसपी को सिर्फ 0.78% वोट ही मिले हैं। इसी तरह से समाजवादी पार्टी को 0.73% वोट मिल पाई है। वहीं सीपीआई को 0.20% और सीपीएम को 0.19% वोट मिले हैं।
झारखंड में विधानसभा की 81 सीटों के लिए 13 नवंबर और 20 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुए थे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को हुई है।
झारखंड में भाजपा को मिले सबसे ज्यादा वोट
झारखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी को इस बार भी सबसे ज्यादा यानी 33.18% वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर जेएमएम है, जिसके खाते में 23.44% वोट आए हैं। इस तरह से सीटों के मामले में भले ही 34 सीटें जीतकर झारखंड मुक्ति मोर्चा सबसे बड़ी पार्टी बनी है और बीजेपी मात्र 21 पर सिमट गई है, लेकिन वोट शेयर के मामले में भाजपा सबपर भारी पड़ी है।
वहीं कांग्रेस पार्टी को 15.56% और आरजेडी को 3.44% वोट प्राप्त हुए हैं। जबकि, बीजेपी की सहयोगी आजसू को 3.54% से वोट मिले हैं।
जयराम महतो की JLKM को भी मिले काफी वोट
इस चुनाव में अन्य के खातों में 14% से ज्यादा वोट जा रहे हैं, जिनमें से बहुत बड़ा हिस्सा जयराम महतो की झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा को गया है।












Click it and Unblock the Notifications