कौन हैं झारखंड के नए DGP अजय कुमार सिंह, जिन्हें विधानसभा चुनाव के बीच मिली बड़ी जिम्मेदारी
झारखंड विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है। प्रदेश की 81 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए दो चरणों में मतदान कराए जाएंगे। पहले चरण के तहत वोटिंग 13 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। इसको लेकर निर्वाचन अयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों के तबादलों का भी दौर जारी है। चुनाव आयोग के निर्देश पर झारखंड के पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता को डीजीपी पद से हटा दिया है और उनकी जगह पर अजय कुमार सिंह को नया डीजीपी बनाया गया है।
शुक्रवार को गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर जारी एक अधिसूचना के मुताबिक, आईपीएस अजय कुमार सिंह अब झारखंड के नए डीजीपी होंगे। इससे पहले आईपीएस अजय कुमार सिंह डीजीपी रह चुके हैं, वे फिलहाल झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक पद पर पदस्थापित थे। चुनाव आयोग के निर्देश पर अनुराग गुप्ता को तत्काल प्रभाव से डीजीपी पद से हटा दिया गया है।

1989 बैच के IPS अधिकारी हैं अजय कुमार सिंह
आईपीएस अजय कुमार सिंह को इससे पहले नीरज सिन्हा के सेवानिवृत्त होने के बाद इन्हें झारखंड का नया डीजीपी बनाया गया था। वे 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे एसीबी का डीजी और झारखंड पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष रह चुके हैं। आईपीएस अजय हजारीबाग, धनबाद समेत कई जिलों में एसपी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे बिहार के कई जिलों में एसपी भी रह चुके हैं।
ईसीआई की ओर जारी बयान में कहा गया, "भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने झारखंड राज्य सरकार को अनुराग गुप्ता को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद से तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया है। अजय कुमार सिंह को राज्य के डीजीपी के रूप में फिर से नियुक्त किया जाना है।"












Click it and Unblock the Notifications