जमशेदपुरः ऑटो में पहले कार ने मारी टक्कर और फिर मिनी ट्रक ने रौंद दिया, तीन की मौत
जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के टाटा-सरायकेला रोड पर नंदीडीह- भोलाडीह गांव के पास भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के दो बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। दरअसल, अनियंत्रित कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और फिर उसके बाद पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने कार और ऑटो दोनों को रौंद दिया। घटना में ऑटो चालक उलीडीह के कालिंदी बस्ती निवासी 28 वर्षीय रौशन लोहार, ऑटो पर सवार दो बच्चे दिव्यांश लोहार (2) और सोनू लोहार (8) की मौके पर मौत हो गई।

जबकि कार सवार दो युवक गाड़ी छोड़ भाग निकले। वहीं हादसे के बाद भागने के दौरान 407 वाहन ने सड़क पर गिरे ऑटो चालक को भी रौंद दिया। कुछ दूरी पर 407 वाहन छोड़ चालक भाग निकला। सरायकेला और कांड्रा पुलिस ने 5 एंबुलेंस से घायलों को एमजीएम पहुंचाया। अस्पताल में भी अफरा-तफरी मची रही। इधर, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
ऑटो में क्षमता से अधिक 14 लोग सवार थे। 4 आगे, चार बीच में बैठे हुए थे। जबकि 6 बच्चे परिजनों के गोद में थे। हादसे में मृत और घायल सभी उलीडीह और जवाहर नगर के रहने वाले हैं। घायलों की पहचान 21 वर्षीय सूरज दत्ता, 7 वर्षीय अमित, 25 वर्षीय आरती लोहार, 26 वर्षीय गुलाब लोहार, 11 वर्षीय बीबी शेख लोहार, 25 वर्षीय राधा लोहार, 28 वर्षीय रवी लोहार, 18 वर्षीय कुची लोहार, 6 वर्षीय पूजा, 32 वर्षीय सकुंतला देवी और गुड़िया (6) के रूप में हुई है। 10 घायलों में 7 को टीएमएच रेफर किया गया। वहीं हादसे की सूचना पाकर स्वास्थ्य मंत्री एमजीएम पहुंचे। घायलों के मुफ्त इलाज का आश्वासन दिया।
हादसे में घायल रवि लोहार ने बताया कि वे लोग बुआ के पुत्र के छठिहार में सरायकेला के गोविंदपुर गांव आए थे। रविवार को जमशेदपुर लौट रहे थे। ओवरटेक करने में अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रहे 407 वाहन ने भी ऑटो को टक्कर मारी। गोद में बैठे बच्चे दूर फेंका गए। जबकि कई ऑटो के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकाला। उसने बताया कि ऑटो उसका चालक रौशन नहीं बल्कि सूरज दत्ता चला रहा था।












Click it and Unblock the Notifications