'मेरी गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल', हेमंत सोरेन ने लगाया बड़ा आरोप
झारखंड विधानसभा में आज चंपई सोरेन सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास कर लिया है और कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेने विधानसभा पहुंचे थे।
इस दौरान हेमंत सोरेन ने एक बड़ा आरोप लगाया। फ्लोर टेस्ट से पहले विधानसभा में अपने भाषण में हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी गिरफ्तारी में राजभवन भी शामिल था।

हेमंत सोरेन ने कहा, '31 जनवरी की रात को पहली बार देश के इतिहास में किसी मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया और मेरा मानना है कि इसमें राजभवन भी शामिल था। हमने अभी तक हार नहीं मानी है और अगर उन्हें लगता है कि मुझे सलाखों के पीछे डालकर वो लोग अपने मंसूबों में कामयाब हो जाएंगे तो ये झारखंड है, जहां बहुत सारे बलिदानी लोगों ने अपनी जान गंवाई है।'
हेमंत सोरेन ने आगे कहा, 'ईडी ने आज मेरे ऊपर 8.5 एकड़ जमीन घोटाले का आरोप लगाते हुए गिरफ्तार किया है, अगर उनमें हिम्मत है तो मेरे नाम से दर्ज कोई भी जमीन का पेपर दिखा दें, मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मैं आज आसूं नहीं बहाऊंगा, आपके लिए आंसुओं का कोई मतलब नहीं है। मैं आंसू वक्त के लिए रखूंगा।'
वहीं, इसके बाद नवगठित चंपई सोरेन सरकार ने सदन में आसानी से फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। सरकार के पक्ष में 47 विधायकों के वोट गए, वहीं विपक्ष में केवल 29 वोट पड़े। बहुमत हासिल करने से पहले चंपई सोरेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हेमंत सोरेन के साथ अन्याय कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications