हजारीबागः हाथियों के झुंड ने एक ही परिवार के तीन लोगों को कुचल कर मार डाला
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के इतिज गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों को हाथियों ने कुचल कर मार डाला है। बताया जा रहा है कि रविवार की देर रात को 12 हाथियों का झुंड अनाज की खोज में गांव में घुस गए। इस दौरान गांव के लोगों को भनक तक नहीं लगी। इसी बीच हाथियों का झुंड रामवृक्ष राम सिंह नाम के ग्रामीण के घर में घुस गया। वह अपने परिवार के साथ सो रहे थे। इस दौरान हाथियों ने रामवृक्ष की 40 वर्षीय पत्नी रोहणी देवी, 12 वर्षीय बेटा मुकेश कुमार, 10 वर्षीय सुंदरी कुमारी को कुचल कर मार डाला।

वहीं रामवृक्ष हाथियों के इस हमले में घायल हो गए। फिलहाल उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि हाथियों ने पूरे घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। गांव के लोग जब तक मौके पर पहुंचते झुंड घर को बर्बाद कर चुके थे। गांव के लोगों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस व वन विभाग को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। 1 महिला और 2 बच्चों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद से गांव के लोगों में वन विभाग के रवैये को लेकर नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से आबादी वाले इलाके में हाथियों का झुंड घूम रहा है। इन्हें गांव से बाहर निकलने के लिए ग्रामीण अपने स्तर कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस काम में वन विभाग का पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हमले के दौरान हाथियों के झुंड ने पूरे घर को चारों तरफ से घेर लिया था। हाथियों की चिघाड़ सुनने के बाद गांव के लोग घर के आसपास पहुंचे। तब तक हाथियों के झुंड ने परिवार पर हमला कर दिया था। हाथियों के जाने के बाद लोगों ने एक-एक कर कुल तीन शव घर से बरामद किये।












Click it and Unblock the Notifications