झारखंडः आधार कार्ड सही कराने जा रही दो लड़कियों से 12 लोगों ने जंगल में किया गैंगरेप
गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के नगर ऊंटारी में उत्तर प्रदेश की दो नाबालिग लड़कियों के साथ गैंगरेप का मामला प्रकाश में आया है। इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली यह घटना ऊंटारी-गरबांध के बीच बराईटांड़ में सुनसान जगह पर जंगल में हुई। दोनों पीड़िता यूपी की रहने वाली हैं, जो अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर गरबांध के रास्ते जा रही थीं, जहां एक दर्जन लोगों ने इन दोनों लड़कियों से गैंगरेप किया।
पुलिस ने दर्ज कराया बयान
पुलिस ने इस पूरे मामले में दोनों पीड़िता के बयान के आधार पर एक दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों लड़कियों के मेडिकल और कोर्ट में 164 के अंतर्गत बयान दर्ज कराए गए। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियां आधार कार्ड अपडेट कराने अपने रिश्तेदारों के साथ बाइक से ऊंटारी नगई आई थी।
जंगल में गैंगरेप किया
घर लौटते समय थोड़ी देर के लिए शौच के लिए बाइक को रोका गया। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार 12 लड़के इनका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए। युवकों ने दोनों लड़कियों को पकड़ लिया और जंगल में ले जाकर उनके साथ गैंगरेप किया। इस दौरान आरोपितों ने लड़कियों के रिश्तेदारों से मारपीट भी की। एक ने वहां से भागकर डायल पर फोन किया और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस लड़कियों और उनके रिश्तेदारों को थाने में ले आई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज किया और आरोपितों की खोजबीन के लिए जुट गई। एसडीपीओ अजीत कुमार का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।