झारखंड: ED ने सीएम सोरेन के विधायक प्रतिनिधि को किया गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध खनन में नाम
नई दिल्ली, 19 जुलाई: झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। ये कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों के तहत हुई है। इससे पहले केंद्रीय एजेंसी ने 8 जुलाई को सोरेन के सहयोगी पंकज मिश्रा और उनके व्यापारिक सहयोगियों से जुड़े 18 ठिकानों पर छापेमारी की थी। हालांकि झारखंड मुक्ति मोर्चा लगातार इस मामले को बदले की भावना से की गई कार्रवाई कह रही है।

दरअसल टोल प्लाजा टेंडर और अवैध खनन का लिंक मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा था। जिसके बाद ईडी ने इस जांच को टेकओवर किया। इसके अलावा टोल प्लाजा टेंडर में हिस्सा लेने से रोकने के लिए एक व्यापारी पर हमला भी हुआ। आरोप है कि इस हमले के निर्देश मिश्रा ने ही दिए थे। अभी मिश्रा के पास महाकाल स्टोन वर्क्स के नाम पर खनन पट्टा है। हालांकि ये खदान अभी चालू नहीं हुई है, लेकिन कथित तौर पर मुख्यमंत्री सोरेन के साथ उनकी निकटता के कारण खनन विभाग के अधिकारियों के साथ उनका जबरदस्त दबदबा है।
वहीं ईडी ने इस कार्रवाई से पहले हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, दाहू यादव और उनके सहयोगियों के 37 बैंक खातों में 11.88 करोड़ रुपये सीज किये थे। इसके अलावा जांच एजेंसी ने साहिबगंज, बरहेट, राजमहल, मिर्जा चौकी और बरहरवा में 19 स्थानों पर छापेमारी की थी। उस दौरान 5.34 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद हुई थी।
पूर्व खनन सचिव से मिले थे करोड़ों
इससे पहले ईडी ने मई में तत्कालीन खनन सचिव पूजा सिंघल और उनके कथित सहयोगियों के परिसरों पर छापेमारी की थी। उस वक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार के घर से 17 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। तब से सिंघल और सीए दोनों हिरासत में हैं। ईडी ने ये भी खुलासा किया था कि मई 2022 में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद एजेंसी द्वारा बैंकों में 36 करोड़ रुपये से अधिक जब्त किए गए थे। पंकज मिश्रा का खाता भी फ्रीज कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications