झारखंडः दुमका में गैंगरेप पीड़िता दर्ज कराना चाहती थी मामला तो आरोपितों ने मार डाला
दुमका। झारखंड के दुमका जिले में हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गैंगरेप पीड़िता की निर्ममता से हत्या कर दी गई। गैंगरेप के आरोपितों को जैसे ही जानकारी मिली कि पीड़िता पुलिस के पास मामले की शिकायत करने के लिए पहुंचने वाली है तो आरोपितों ने मिलकर पीड़िता की नृशंस हत्या कर दी। करीब एक सप्ताह पूर्व जिले के बेदियाडांगाल गांव में एक युवती की लाश मिली थी, जिसका खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस के मुताबिक युवती के साथ पहले तीन लोगों ने गैंगरेप किया।

वारदात के बाद युवती तीनों आरोपितों के खिलाफ केस करना चाहती थी। इससे घबराए बॉबी यादव, अनुराग दास, भूकंप हांसदा ने अपने तीन दोस्तों पंचू यादव, साजन साह और विकास यादव के साथ मिलकर पीड़िता की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपित बॉबी यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वह नगर थाना क्षेत्र के जरूआडीह गांव का निवासी है।
मामले को लेकर एसपी अंबर लकड़ा ने बताया कि पीड़िता खुद के साथ हुए गैगंरेप को लेकर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कराना चाहती थी। लेकिन इस बात की भनक आरोपितों को लग गई। आरोपितों ने अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ मिलकर हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन आरोपितों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications