30 पुलिसकर्मी और 13 उग्रवादियों की हत्या का आरोपित नक्सली रमेश गंझू गिरफ्तार, 15 लाख रुपये का था इनाम
चतरा। झारखंड के चतरा जिले के पुलिस ने बिहार-झारखंड में भाकपा माओवादी के रीजनल कमेटी के सदस्य रमेश गंझू उर्फ अंकित उर्फ हरिकेश उर्फ आजाद जी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया नक्सली पर 30 पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप है। इसके अलावा झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में 45 से अधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही रमेश गंझू पर 15 लाख रुपए का इनाम भी रखा गया था।

DIG नरेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि साल 2013 में चतरा के कुंदा थाना क्षेत्र में रमेश गंझू के नेतृत्व में टीपीसी के 13 उग्रवादियों की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद उनके हथियार भी लूट लिए गए थे। यह जानकारी गुरुवार को दी।
डीआईजी ने बताया कि साल 2013 में ही बिहार के औरंगाबाद जिले में रमेश गंझू के नेतृत्व में पुलिस कैंप पर हमला किया गया था। इसमें रमेश गंझू व अन्य नक्सलियों ने पुलिस के 30 राइफल लूट लिए थे। गिरफ्तार नक्सली रमेश गंझू सदर थाना क्षेत्र के कोरचा गांव का निवासी है।
गिरफ्तारी को लेकर चतरा जिले के एसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि नक्सली आजाद लावालौंग थाना क्षेत्र के बरवाडीह जंगल में घूम कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार देर रात लावालौंग थाना क्षेत्र के बरवाडीह जंगल में छापेमारी अभियान चलाकर नक्सली को गिरफ्तार कर लिया।
डीआईजी ने बताया कि लगभग 20 वर्षों से भाकपा माओवादी संगठन में सक्रिय नक्सली रमेश गंझू संगठन में क्रूर नक्सली के रूप में जाना जाता था। 2013 में पलामू में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के बाद मारे गए पुलिसकर्मियों के पेट में नक्सली रमेश गंझू ने ही बम प्लांट किया था। जब पुलिस के अधिकारी नक्सलियों का शव उठाने गए तो बम विस्फोट कर गया और फिर से पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications