झारखंड उपचुनावः कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह के बेटे अनुप सिंह होंगे बेरमो से प्रत्याशी
बोकारो । झारखंड के बेरमो विधानसभा उपचुनाव में दिवंगत कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह के बड़े बेटे कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह प्रत्याशी होंगे। हाालंकि अभी घोषणा की औपचारिकता रह गई है। प्रभात खबर के मुताबिक बुधवार को कांग्रेस भवन में हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में इनके नाम पर सर्वसम्मति बनी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव और विधायक दल नेता आलमगीर आलम के हस्ताक्षर से इनके नाम का अनुशंसा पत्र प्रभारी आरपीएन सिंह व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजा गया।
अब केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अधिकृत तौर पर प्रत्याशी की घोषणा की जायेगी। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह के निधन की वजह से बेरमो सीट रिक्त हो गयी है। चुनाव समिति की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के अलावा कार्यकारी अध्यक्ष, जोनल को-ऑर्डिनेटर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे।
वहीं तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दुमका विधानसभा सीट पर शिबू सोरेन के छोटे बेटे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन को उम्मीदवार बनाया है।बसंत सोरेन 12 अक्तूबर को नामांकन दाखिल करेंगे। इसकी अधिकारिक घोषणा गुरुवार को पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने की। इधर एनडीए में दोनों सीटों को लेकर तस्वीर साफ हो गयी है। आजसू ने दुमका और बेरमो दोनों ही सीटें भाजपा के लिए छोड़ दी है।