अनोखा प्यार! पति की हुई मौत तो पत्नी बर्दाश्त नहीं कर सकी सदमा और चल बसी, अंतिम यात्रा तक बना रहा साथ
Unique love in Jhansi: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पति की मौत हो जाने के बाद एक पत्नी उसका वियोग बर्दाश्त नहीं कर पाई। थोड़ी ही देर बाद पत्नी की भी जान चली गई। दोनों की एक साथ मौत होने के बाद गांव में दोनों की प्रेम की खूब चर्चा हो रही है।
लोगों का कहना है कि किस्मत से ही ऐसे जीवनसाथी महिला और पुरुष को नसीब होते हैं। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि दोनों में काफी प्यार था और दोनों हमेशा एक दूसरे के साथ ही रहते थे। अंत समय में भी साथ नहीं छोड़े और अंतिम यात्रा साथ में ही निकाली गई।

दरअसल, झांसी जनपद के पूंछ थाना क्षेत्र के धौरका गांव में 75 वर्षीय रतिराम खंगार अपने परिवार के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि रतिराम काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनकी बीमारी के इलाज के लिए परिजनों द्वारा डॉक्टर से दवा दिलाया जा रहा था।
इसी दौरान शुक्रवार को रात करीब 8 बजे रतिराम की घर पर ही अचानक मौत हो गई। जिस समय रतिराम की मौत हुई उसे दौरान उनकी पत्नी जानकी देवी तथा उनके तीनों बेटे विनोद, प्रमोद और प्रवीण भी वहीं पर मौजूद थे। रतिराम की मौत के बाद परिवार के लोग रोने लगे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान वहां पर मौजूद उनकी पत्नी जानकी देवी रोते-रोते अचानक बेहोश हो गईं। आसपास मौजूद लोग जानकी देवी को तुरंत उठाने लगे लेकिन वह उठ नहीं पाईं। पहले तो लोगों को लगा कि उन्हें सदमा लगा हुआ है, ऐसे में लोगों ने पानी का छिड़काव किया।
चेहरे पर पानी का छिड़काव करने के बाद भी जानकी देवी नहीं उठीं और उनकी भी मौत हो गई थी। माता-पिता दोनों की एक साथ मौत होने के बाद परिवार वालों ने रोना पीटना शुरू कर दिया। गांव के लोग एकत्र हुए और फिर शनिवार को एक साथ दोनों की अंतिम यात्रा निकाली गई। बेटे विनोद द्वारा अपने माता और अपने पिता का अंतिम संस्कार किया गया। इधर पति-पत्नी की एक साथ मौत हो जाने के मामले को लेकर गांव के लोगों में इस अनोखे प्यार की खूब चर्चा हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications