विकास दुबे की गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन, यूपी सरकार से एनकाउंटर की मांग
झांसी/मथुरा। मोस्टवांटेड विकास दुबे की गिरफ्तारी से मुठभेड़ में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। झांसी के शहीद सिपाही सुल्तान सिंह की पत्नी उर्मिला वर्मा ने विकास दुबे की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्यों वह अपने आप को पूरी तरह से बचा गया और इस तरह गिरफ्तारी देकर उसने अपने आप को सेफ कर लिया है कहीं न कहीं उसका राजनैतिक गठजोड़ जरूर है, कोई तो है जो उसको बचाने का काम कर रहा है। शहीद की पत्नी ने कहा कि वह चाहती हैं कि विकास को मौत की सजा मिले पर, चाहें पुलिस उसका एनकाउंटर करे या कानून से उसे फांसी की सजा मिले।
Recommended Video

यूपी सरकार से विकास के एनकाउंटर की मांग
इसके अलावा मथुरा के शहीद जितेंद्र पाल के पिता तीरथ पाल भी विकास दुबे की गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं हैं। शहीद के परिवार ने विकास दुबे की गिरफ्तारी को राजनीतिक फंडा बताया है। शहीद के भाई ने यूपी सरकार से विकास दुबे और उसके साथियों के साथ-साथ विश्वासघाती पुलिसकर्मियों का भी एनकाउंटर करने की मांग की है। शहीद के भाई ने कहा कि विकास दुबे ने सिर्फ गेम खेला है, वह तो बच गया। अब जेल में वह गेम खेलेगा।
एमपी के उज्जैन से गिरफ्तार हुआ विकास दुबे
बता दें, कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे दुर्दांत अपराधी और पांच लाख रुपए के इनामी बदमाश विकास दुबे की बड़े ही नाटकीय तरीक से गुरुवार को गिरफ्तारी हो गई। विकास दुबे को उज्जैन पुलिस ने महाकाल मंदिर के परिसर से गिरफ्तार किया है। विकास की गिरफ्तारी पर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा और मध्य प्रदेश सरकार में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर सवाल उठाए है। साथ ही ट्वीट कर नरोत्तम मिश्रा और कानपुर के कनेक्शन को दिखाया है। वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि विकास दुबे को सरकार का पूरी तरह संरक्षण है।












Click it and Unblock the Notifications