Shaili Singh : झांसी की शैली सिंह के पास कभी नहीं थे स्पोटर्स शूज, अब लॉन्ग जंप में रचा इतिहास
झांसी, 24 अगस्त: अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत की शैली सिंह ने सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। लॉन्ग जंप में शैली सिंह सिर्फ एक सेंटीमीटर से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गईं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ट्वीट कर शैली सिंह को बधाई दी। उन्होंने लिखा, '#U20WorldChampionships में अद्भुत प्रदर्शन करते हुए भारत की बेटी शैली सिंह ने लंबी कूद प्रतिस्पर्धा में रजत पदक प्राप्त कर संपूर्ण देशवासियों को गौरवान्वित किया है। आप आत्मविश्वास व मेहनत के साथ आगे बढ़ें, आपके स्वर्णिम भविष्य हेतु मंगलकामनाएं। जय हिंद!' बता दें, शैली सिंह उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की रहने वाली हैं। 17 साल की शैली के संघर्ष के कहानी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। आइए जानते हैं शैली सिंह के संघर्ष की कहानी।

आर्थिक तंगी में गुजारा बचपन, कभी पहनने के लिए नहीं थे स्पाइक्स शूज
शैली सिंह उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की रहने वाली हैं। शैली तीन बहनें हैं। उनकी मां वनीता सिंह सिंगल मदर हैं और उन्होंने शैली सहित तीन बेटियों को अकेले पाला है। वनीता सिलाई का काम करती हैं और परिवार आर्थिक तंगी से जूझता रहा है। बचपन में शैली के पास स्पाइक्स भी नहीं होते थे। शैली के लिए भी यह सफर आसान नहीं रहा। एक समय ऐसा भी था जब आर्थिक तंगी के कारण शैली के पास पहनने के लिए स्पाइक्स शूज भी नहीं होते थे। हालांकि, मां ने कभी अपनी बेटी को हताश नहीं होने दिया।
14 की उम्र में आया शैली की लाइफ का टर्निंग प्वाइंट
शैली की जीवन में टर्निंग प्वाइंट तब आया जब वह 14 साल की थी। एक जूनियर नेशनल ईवेंट में भारत की स्टार लॉन्ग जंपर रहीं अंजू बॉबी जॉर्ज के पति रॉबर्ट बॉबी जॉर्ज की उन पर नजर शैली पर पड़ी। रॉबर्ट ने खुद अंजू को कोचिंग दी। रॉबर्ट ने शैली को बेंगलुरु में मौजूद अंजू बॉबी जॉर्ज एकेडमी ट्रेनिंग के लिए बुलाया, लेकिन शुरुआत में शैली की मां इसके लिए राजी नहीं थीं। रॉबर्ट ने शैली की मां को समझाया, उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी बेटी एक चैंपियन एथलीट बन सकती है। इसके बाद वह राजी हो गईं। इसके बाद शैली ने रॉबर्ट जॉर्ज से कोचिंग लेनी शुरू कर दी।

कई नेशनल रिकॉर्ड ब्रेक कर चुकी हैं शैली सिंह
शैली सिंह कई बार जूनियर लेवल पर नेशनल रिकॉर्ड ब्रेक कर चुकी हैं। वे अंडर-18 कैटेगरी में वर्ल्ड नंबर-1 लॉन्ग जंपर हैं। अंजू बॉबी जॉर्ज का मानना है कि शैली आने वाले दिनों में उनका रिकॉर्ड भी तोड़ेंगी और देश के लिए ओलिंपिक मेडल जीतेंगी। बता दें, मौजूदा अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में अभी तक भारत ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीता है।

शैली ने कहा- गोल्ड मेडल हासिल करना चाहती हूं
22 अगस्त 2021 को गोल्ड मेडल से चूकने के बाद शैली ने नम आंखों के साथ कहा, 'मैं 6.59 मीटर से भी बेहतर कूद सकती थी और गोल्ड मेडल जीत सकती थीं। मेरी मां ने मुझे गोल्ड मेडल के बाद स्टेडियम में गाए जाने वाले राष्ट्रगान के बारे में बताया था (लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकी)।' शैली ने कहा, 'मैं 17 साल की हूं, मैं अगली अंडर 20 विश्व चैम्पियनशिप (काली, कोलंबिया) में गोल्ड मेडल जीतना चाहती हूं। अगले साल एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होना है और मैं उन प्रतियोगिताओं में अच्छा करना चाहती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications