UP politics: ओम प्रकाश राजभर का बयान, पीला गमछा बन गया है पहचान, अधिकारी हल्के में नहीं लेते
UP politics: जौनपुर के इस्माइला गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए यूपी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बयान राजनीतिक हलकों में सुर्खियां बटोर रहा है। उन्होंने कहा कि पीला साफा अब केवल परिधान नहीं, एक पहचान बन चुका है। अफसर भी अब इसे हल्के में नहीं लेते।
राजभर ने समर्थकों से कहा कि जब वे पीला गमछा टांगकर डीएम, एसपी या दरोगा से मिलने जाते हैं, तो सामने वालों को लगता है कि खुद ओम प्रकाश राजभर खड़े हैं। उनके मुताबिक, यह बदलाव अब व्यवस्था में भी महसूस किया जा रहा है।

माना जा रहा है कि वाराणसी के छितौना गांव में हालिया तनाव के बीच यह बयान राजभर समाज को सीधा संदेश देने के इरादे से दिया गया है। ठाकुर और राजभर समुदाय के बीच हुए विवाद की जांच पहले से एसआईटी कर रही है। इसी दौरान ओपी राजभर का यह बयान आया है।
अखिलेश यादव पर बरसे ओपी राजभर
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि विपक्ष का काम अब सिर्फ केंद्र और राज्य सरकार की हर नीति का विरोध करना रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने हर लाभकारी योजना को बदनाम करने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के समय विरोध करना हो या किसानों को मिलने वाली सम्मान निधि पर सवाल उठाना, सपा ने किसी मौके को नहीं छोड़ा। आयुष्मान भारत योजना के लाभ को लेकर भी पार्टी ने भ्रम फैलाने का प्रयास किया है।
कथावाचक को लेकर भी दी प्रतिक्रिया
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर अखिलेश यादव द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भी मंत्री राजभर ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों में राजनीति घुसाना उचित नहीं है और यह लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा नेताओं की भाषा और तेवर से यह साफ होता है कि वे अपने विरोध की सीमाएं भूल चुके हैं। बता दें कि राजभर जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के इस्माइला गांव में महाराजा सुहेलदेव की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान अरविंद राजभर भी उनके साथ मौजूद थे। गांव के लोगों ने मूर्ति स्थापना के लिए स्वेच्छा से भूमि दान की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और मंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। मंच से मंत्री ने समाज को संगठित रहने का संदेश दिया।












Click it and Unblock the Notifications