AI इंजीनियर अतुल सुभाष की सास और ससुराल वाले ही नहीं, ये शख्स भी हुआ फरार, सता रहा गिरफ्तारी का डर
AI इंजीनियर अतुल सुभाष आत्महत्या के मामले में सुभाष के भाई द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद बेंगलुरु पुलिस प्रकरण की जांच करने के लिए जौनपुर में है। बेंगलुरु पुलिस के जौनपुर पहुंचने से पहले ही अतुल सुभाष के ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हो गए थे। ऐसे में बेंगलुरु पुलिस द्वारा घर पर नोटिस चस्पा कर दी गई।
अतुल सुभाष के ससुराल में नोटिस चस्पा करने के अलावा बेंगलुरु की पुलिस टीम इस मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ और जांच पड़ताल कर रही है। आत्महत्या करने से पहले इंजीनियर अतुल सुभाष द्वारा एक महिला जज और न्यायालय के एक कर्मचारी के ऊपर भी आरोप लगाया गया था।

ऐसे में इस मामले की जांच करने के लिए बेंगलुरु पुलिस जब परिवार न्यायाधीश कोर्ट पहुंची तो वहां पर मौजूद कर्मचारी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कर्मचारी को गिरफ्तारी का डर है जिसके चलते वह बेंगलुरु पुलिस से बचकर भाग निकला। अपने वीडियो में अतुल सुभाष द्वारा उसे कर्मचारी का भी जिक्र किया गया था।
कहा यह भी जा रहा है कि बेंगलुरु पुलिस द्वारा इस मामले की गहनता पूर्वक जांच की जा रही है। जांच के दौरान इस मामले में इंजीनियर अतुल सुभाष द्वारा जितने लोगों का नाम लिया गया है और जिन पर आरोप लगाए गए हैं पुलिस टीम उन सभी लोगों से पूछताछ कर सकती है।
घर से फरार, होटल में ठहरे, फिर वहां से भी भागे
इंजीनियर अतुल सुभाष आत्महत्या के मामले में अतुल के भाई विशाल द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद इस मामले की जांच के लिए बेंगलुरु टीम जब जौनपुर के लिए रवाना हुई तो इसकी जानकारी अतुल सुभाष के ससुराल वालों को लग गई।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस के आने से पहले ही अतुल सुभाष की सास निशा सिंघानिया और उसके साले अनुराग सिंघानिया दोनों आधी रात में घर छोड़कर फरार हो गए। भागते समय वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने उनका वीडियो बनाना शुरू किया तो निशा सिंघानिया हाथ जोड़कर बिना कुछ बोले चली गई।
अनुराग सिंघानिया अपनी मां निशा सिंघानिया को बाइक पर बैठा कर अपने घर से निकल गया। घर से फरार होने के बाद जौनपुर में स्थित एक होटल में मां बेटे पहुंचे। इस होटल का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया जिसमें दिखाई दे रहा है कि होटल में रिसेप्शन के समीप सोफे पर बैठकर निशा सिंघानिया रोती नजर आ रही है।
जानकारी मिलने के बाद जौनपुर पुलिस को साथ में लेकर बेंगलुरु पुलिस होटल में भी पहुंची थी। होटल में पहुंचने के बाद बेंगलुरु पुलिस और जौनपुर पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज देखा गया तथा होटल के मैनेजर से भी इस मामले में पूछताछ की गई। फिलहाल अभी तक अतुल सुभाष के ससुराल सहित जितने लोगों पर आरोप लगाया गया था उनमें से सभी लोग पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications