आबादी की जमीन को लेकर जौनपुर में हो सकती थी देवरिया जैसी घटना, चली गोलियां, थानेदार लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में मंगलवार को देवरिया जैसी घटना घटित होने से बाल-बाल बच गई। जौनपुर के बदलापुर में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों द्वारा दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गोली मार दी गई।
गोली पैर में लगने के चलते दूसरे पक्ष का युवक घायल हो गया इसके अलावा चार अन्य लोग भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।

वही भूमि विवाद होने के बाद भी इस मामले में लापरवाही बरतने के कारण बदलापुर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है की मारपीट करने वालों की खोजबीन की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, यह पूरी घटना जौनपुर जनपद के बदलापुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव की है। गांव में जय नाथ और रामधारी का परिवार रहता है। दोनों परिवारों के बीच आबादी की भूमि को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा है। एक पक्ष द्वारा इस भूमि पर निर्माण कराया जा रहा था।
इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और हमला कर दिए। इस दौरान जयनाथ के पुत्र लाल साहब को पैर में गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद लाल साहब जमीन पर गिर गया। वहीं जयनाथ, रामचंद्र और ब्रिजेश तथा हर्षित को भी लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
दोनों पक्षों में जिस समय मारपीट हो रही थी, उस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव में पहुंची। इस दौरान मारपीट करने वाले लोग फरार हो गए थे। उसके बाद पुलिस अस्पताल में पहुंचकर घायलों का उपचार कर रहे डॉक्टर से बातचीत की।












Click it and Unblock the Notifications