Jaunpur News: होटल में चल रही थी शराब और डांस पार्टी, पुलिस ने 4 डांसरों समेत 15 लोगों को पकड़ा
जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत वाजिदपुर तिराहे पर स्थित एक होटल में पुलिस टीम द्वारा छापेमारी करते हुए 4 डांसरों समेत 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

Jaunpur जिले के लाइन बाजार थाना अंतर्गत एक होटल में रविवार की देर रात्रि में शराब पीने के साथ ही युवतियों के साथ अश्लील डांस किया जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर छापेमारी की। पुलिस छापेमारी करने के बाद वहां पर हड़कंप जैसी स्थिति देखने को मिली। होटल से पुलिस ने चार युवतियों समेत करीब 15 लोगों को पकड़ा है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई युवतियों में एक रशियन डांसर भी शामिल है।
पुलिस टीम को देखते ही मची अफरा-तफरी
दरअसल, देर रात जौनपुर पुलिस को सूचना मिली लाइन बाजार थाना अंतर्गत वाजिदपुर तिराहे पर स्थित एक होटल में विदेशी डांसरों के साथ अश्लील डांस पार्टी चल रही है। सूचना मिलने के बाद देर रात्रि में सिटी मजिस्ट्रेट देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी कुलदीप कुमार लाइन बाजार थाने की पुलिस और महिला पुलिस कर्मियों को लेकर होटल में छापेमारी करने के लिए पहुंचे। छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम को देखकर वहां अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां लोग भागते दौड़ते भी दिखाई दिए। होटल के कमरे में पहुंचने पर पता चला कि वहां पर शराब की बोतलें और कई अन्य सामग्री बिखरे पड़े थे।
कार्यक्रम में कई व्यापारी और सफेदपोश भी थे शामिल
ऐसा कहा जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने के बाद वहां से कई लोग फरार हो गए। इस हाई प्रोफाइल पार्टी में जौनपुर शहर के कई प्रतिष्ठित व्यापारी और राजनीतिक पार्टियों से जुड़े लोग भी इस शराब पार्टी और अश्लील डांस में शामिल थे। पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने के बाद कुछ लोग होटल के पिछले हिस्से में बने दीवार को लांग कर गिरते पड़ते वहां से भाग निकले। पुलिस का कहना है कि एक प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसाई के द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
बगैर अनुमति के चल रहा था कार्यक्रम
इस बारे में क्षेत्राधिकारी नगर कुलदीप कुमार का कहना है कि शहर के एक होटल में बगैर अनुमति शराब पार्टी और अश्लील डांस किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ वहां छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान वहां से चार डांसरों के साथ ही 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ करने के बाद सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications