पीएम मोदी के शपथ ग्रहण के बीच जम्मू-कश्मीर के बड़ा आतंकी हमला, तीर्थयात्रियों की बस पर फायरिंग, 10 की मौत
Jammu Kashmir Terrorist Attack: दिल्ली में मोदी सरकार के शपथ ग्रहण के बीच जम्मू-कश्मीर में बड़े आतंकी हमले की खबर सामने आई है। अतंकियों ने तीर्थ यात्रियों की एक बस को अपना निशान बनाकर फायरिंग की, जिसमें 10 लोगों के मौत की खबर है।
जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में शिवखोड़ी तीर्थ स्थल पर श्रद्धालुओं को ले जा रही एक यात्री बस पर आतंकवादियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। साथ ही 33 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।

सूचना के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। इस हमले में कई और लोगों के हताहत होने की आशंका है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शिवखोड़ी मंदिर जा रही तीर्थयात्रियों की बस पर पोनी इलाके के तेरयाथ गांव में हमला किया गया है।
फायरिंग के बाद खाई में गिरी बस
घटना के अनुसार आतंकियों की फायरिंग के बाद रियासी इलाके में बस खाई में गिर गई, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जिसकी डीसी रियासी विशेष महाजन ने पुष्टि की है।
रियासी एसएसपी मोहिता शर्मा का बयान
रियासी एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि इस घटना में 33 लोग घायल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि आतंकवादियों ने शिवखोड़ी से कटरा जा रही यात्री बस पर गोलीबारी की। गोलीबारी के कारण बस चालक ने बस का संतुलन खो दिया और बस खाई में गिर गई। इस घटना में 33 लोग घायल हो गए। बचाव अभियान पूरा हो गया है। यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, वे स्थानीय नहीं हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा
शुरुआती जानकारी के अनुसार बस पर फायरिंग करने वाला आतंकवादियों का वही समूह है, जो राजौरी, पुंछ और रियासी के ऊपरी इलाकों में छिपा हुआ है। सूचना के बाद पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की टीम भी मौके पर मौजूद हैं। लोगों का बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
मौके से मिली गोलियां
आतंकियों की गोलीबारी के बाद बस दुर्घटना का शिकार हुई और खाई में जाकर गिर गई। मौके से कई गोलियां भी बरामद हो गई हैं। वहीं आतंकियों की तलाश के लिए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications